सोना 1,500 रुपये टूटकर 1.47 लाख रुपये पर, चांदी 2,000 रुपये कमजोर

Ads

सोना 1,500 रुपये टूटकर 1.47 लाख रुपये पर, चांदी 2,000 रुपये कमजोर

  •  
  • Publish Date - July 13, 2026 / 06:25 PM IST,
    Updated On - July 13, 2026 / 06:25 PM IST

नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) पश्चिम एशिया में अनिश्चितता बने रहने के कारण राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने की कीमत 1,500 रुपये टूटकर 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। वहीं चांदी की कीमत भी 2,000 रुपये फिसल गई।

स्थानीय बाजार के जानकारों के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत शुक्रवार के बंद भाव 1,48,500 रुपये प्रति 10 ग्राम से 1,500 रुपये घटकर 1,47,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रह गई।

चांदी की कीमत भी 2,000 रुपये घटकर 2,35,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गई। पिछले सत्र में चांदी का भाव 2,37,000 रुपये प्रति किलोग्राम था।

कारोबारियों ने कहा कि पश्चिम एशिया में फिर से तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतें बढ़ गईं, जिससे महंगाई की चिंताएं बढ़ीं और डॉलर मजबूत हुआ, जिसका असर कीमती धातुओं पर पड़ा।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘सोमवार को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कमजोरी के कारण सोने की कीमतों में गिरावट आई, क्योंकि पश्चिम एशिया में फिर से तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतें बढ़ गईं और महंगाई की चिंताएं फिर से पैदा हो गईं।’’

उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच हालिया तनाव बढ़ने से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में बाधा और तीसरी तिमाही में तेल बाजार की स्थिति के और कड़े होने की चिंताएं बढ़ गई हैं।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, हाजिर सोने की कीमत 53.14 डॉलर या 1.3 प्रतिशत घटकर 4,067.94 डॉलर प्रति औंस रह गई और चांदी की कीमत 2.32 प्रतिशत घटकर 58.47 डॉलर प्रति औंस रह गई।

मिराए एसेट शेयरखान में जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा, ‘‘वैश्विक बाजारों में हाजिर सोने की कीमत में गिरावट आई क्योंकि तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से महंगाई की चिंताएं बढ़ गईं और इस बात की उम्मीदें बढ़ गईं कि फेडरल रिजर्व ब्याज दरों को लंबे समय तक ऊंचा रख सकता है।’’

भाषा राजेश

राजेश अजय

अजय