इंग्लैंड लायंस पर जीत के करीब भारत ए, सौरभ कुमार को पांच विकेट

Ads

इंग्लैंड लायंस पर जीत के करीब भारत ए, सौरभ कुमार को पांच विकेट

  •  
  • Publish Date - January 26, 2024 / 06:31 PM IST,
    Updated On - January 26, 2024 / 06:31 PM IST

अहमदाबाद, 26 जनवरी ( भाषा ) बायें हाथ के स्पिनर सौरभ कुमार ने अपने कैरियर में 22वीं बार पारी के पांच विकेट लिये जिसकी मदद से भारत ए इंग्लैंड लायंस के खिलाफ अनधिकृत टेस्ट के तीसरे दिन जीत के करीब पहुंच गई ।

इंग्लैंड लायंस ने 341 रन से पिछड़ने के बाद दूसरी पारी में आठ विकेट पर 304 रन बनाये । उसे पारी की हार से बचने के लिये अभी भी 37 रन और बनाने हैं ।

विकेटकीपर ओली रॉबिनसन ( नाबाद 84 ) और ब्राइडन कार्स (38) के बीच सातवें विकेट के लिये 102 रन की साझेदारी की मदद से लायंस ने मैच को चौथे दिन तक खींच दिया । एक समय उसके छह विकेट 156 रन पर गिर गए थे और पारी खत्म होती दिख रही थी ।

तीसरे दिन के आकर्षण का केंद्र सौरभ रहे जो प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 300 विकेट लेने के करीब है । उन्होंने 29 ओवर में 104 रन देकर पांच विकेट लिये ।

उन्होंने इससे पहले न्यूजीलैंड ए और बांग्लादेश ए के खिलाफ भी पांच पांच विकेट लिये हैं ।

यह उनकी बदकिस्मती है कि वह अक्षर पटेल और रविंद्र जडेजा के समकालीन है जिसकी वजह से भारतीय टीम में जगह नहीं बना पा रहे ।

बंगाल के तेज गेंदबाज आकाश दीप ने 18 ओवर में 57 रन देकर तीन विकेट लिये ।

भाषा

मोना नमिता

नमिता