भारत ने चार कैच टपकाये, बांग्लादेश ने आठ विकेट पर 136 रन बनाये

भारत ने चार कैच टपकाये, बांग्लादेश ने आठ विकेट पर 136 रन बनाये

भारत ने चार कैच टपकाये, बांग्लादेश ने आठ विकेट पर 136 रन बनाये
Modified Date: June 25, 2026 / 08:57 pm IST
Published Date: June 25, 2026 8:57 pm IST

मैनचेस्टर, 25 जून (भाषा) भारतीय टीम का महिला टी20 विश्व कप में लचर क्षेत्ररक्षण का सिलसिला बृहस्पतिवार को भी यहां जारी रहा जिसका फायदा उठाते हुए बांग्लादेश ने ग्रुप एक के मैच में आठ विकेट पर 136 रन बनाये।

इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार में भी खराब क्षेत्ररक्षण भारत के लिए महंगा साबित हुआ और इस मुकाबले में स्थिति और चिंताजनक दिखी।

भारतीय खिलाड़ियों ने पावरप्ले में ही चार आसान कैच टपका दिए। कैच छोड़ने वालों में नंदनी शर्मा (दो कैच), यास्तिका भाटिया और राधा यादव शामिल रहीं। राधा ने पिछले मैच में भी दो कैच छोड़े थे।

भारतीय क्षेत्ररक्षकों की गलतियों का सबसे अधिक फायदा सलामी बल्लेबाज जुयैरिया फिरदौस को मिला, जिन्हें पांचवें ओवर तक तीन जीवनदान मिले। हालांकि वह इन मौकों का पूरी तरह फायदा नहीं उठा सकीं और 31 गेंदों पर 33 रन बनाकर आउट हो गईं।

पिच पर दौड़ने को लेकर दो बार चेतावनी झेलने वाली नंदनी शर्मा ने बाद में शानदार कैच लेकर फिरदौस को पवेलियन भेजा। फिरदौस और शोभना मोस्तारी (26 गेंद में 22 रन) के बीच दूसरे विकेट के लिए 51 रन की उपयोगी साझेदारी हुई थी।

दक्षिण अफ्रीका से हार के बाद भारत के लिए बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शेष दोनों लीग मैच जीतना लगभग जरूरी हो गया है। टीम हालांकि अब तक टूर्नामेंट में बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण तीनों विभागों में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकी है।

गेंदबाजी में भारत ने इस मैच में रेणुका सिंह ठाकुर को मौका दिया और उन्होंने अपने पहले ही ओवर में सफलता दिलाई। सलामी बल्लेबाज दिलारा अख्तर (चार) पुल शॉट खेलने के प्रयास में आउट हो गईं।

स्पिनरों की मददगार परिस्थितियों का भारत ने भरपूर उपयोग किया। राधा यादव ने गेंद से शानदार वापसी करते हुए 28 रन देकर तीन विकेट लिए। उन्होंने कप्तान निगार सुल्ताना (27 गेंदों पर 32 रन) और शोभना को जल्दी-जल्दी आउट किया।

अंतिम ओवर में श्री चरणी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए सिर्फ तीन रन दिए और दो विकेट भी झटके।

ब्रिटेन में इस समय पड़ रही असामान्य गर्मी के कारण स्पिन गेंदबाजों को अपेक्षाकृत अधिक मदद मिल रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारत ने भी बांग्लादेश की पारी के दौरान मुख्य रूप से स्पिन गेंदबाजों पर भरोसा किया।

क्षेत्ररक्षकों के चार कैच छोड़ने के अलावा भारतीय गेंदबाजों ने सात वाइड और तीन नो-बॉल भी फेंकीं।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में