भारत एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप की पदक तालिका में दूसरे स्थान रहा

Ads

भारत एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप की पदक तालिका में दूसरे स्थान रहा

  •  
  • Publish Date - May 31, 2026 / 07:53 PM IST,
    Updated On - May 31, 2026 / 07:53 PM IST

हांगकांग, 31 मई (भाषा) भारत ने 22वीं एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के अंतिम दिन तीन और स्वर्ण पदक जीतकर रविवार को अपने अभियान का पदक तालिका में दूसरे स्थान पर रहते हुए शानदार समापन किया।

इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में भारत ने कुल 19 पदक जीते जिनमें 10 स्वर्ण, पांच रजत और चार कांस्य पदक शामिल हैं। 14 स्वर्ण, नौ रजत और दो कांस्य पदकों के साथ चीन शीर्ष स्थान पर रहा, जबकि जापान पांच स्वर्ण, पांच रजत और आठ कांस्य पदकों सहित कुल 18 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

भारत प्रतियोगिता के अंतिम दिन तीन स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किए।

महिलाओं की चार गुणा 400 मीटर रिले टीम ने स्वर्ण पदक जीतते हुए नया मीट रिकॉर्ड भी बनाया। नीरू पाठक की अगुआई वाली भारतीय टीम ने तीन मिनट 38.07 सेकंड का समय निकाला। टीम में भूमिका संजय नेहाते, तहुरा खातून और सेहनूर बावा भी शामिल थीं। इससे पहले यह रिकॉर्ड जापान ने 2018 में 3:38.20 के समय के साथ बनाया था।

पुरुषों की चार गुणा 400 मीटर रिले स्पर्धा में शीर्ष तीनों टीमों ने 1999 में जापान द्वारा बनाए गए 3:07.38 के पुराने मीट रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। चीन ने 3:04.88 के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि कतर ने 3:05.06 के समय के साथ रजत पदक हासिल किया।

भारतीय पुरुष रिले टीम ने भी पुराने मीट रिकॉर्ड से बेहतर प्रदर्शन किया, लेकिन 3:05.54 के समय के साथ उसे कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। टीम में पीयूष राज, सैयद सबीर, रंजीत कुमार एस और मोहम्मद अशफाक शामिल थे।

इससे पहले सुबह के सत्र में मुस्कान ने महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में 16:53.08 का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीतते हुए भारत के लिए स्वर्णिम शुरुआत की।

वेंकटराम रेड्डी मोगली ने पुरुषों की 800 मीटर दौड़ में 1:48.27 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी रहा।

चक्का फेंक खिलाड़ी निश्चय स्वर्ण पदक से मामूली अंतर से चूक गए और 60.10 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ रजत पदक जीतने में सफल रहे।

महिलाओं की चार गुणा 100 मीटर रिले टीम ने भी 45.05 सेकंड का समय निकालकर रजत पदक हासिल किया। इस टीम में काजल हीराभाई वाजा, भावना जी, आरती और निपाम शामिल थीं।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता