नयी दिल्ली, 22 अगस्त (भाषा) केशव महाराज ने श्रीलंका के गॉल में मानव सुथार के प्रदर्शन की कुछ झलकियां ही देखी हैं, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी स्पिनर को पूरा भरोसा है कि भारत को एक ‘बेहतरीन खिलाड़ी’ मिल गया है जो टेस्ट क्रिकेट में महान बाएं हाथ के स्पिनरों की परंपरा को आगे बढ़ा सकता है।
महाराज ने 62 टेस्ट में 218 विकेट लिए हैं। उन्होंने राजस्थान के गेंदबाज सुथार की जमकर तारीफ की। सुथार ने अपने शुरुआती दो टेस्ट मैच में 17 विकेट झटके हैं।
महाराज ने शनिवार को पीटीआई से कहा, ‘‘सच कहूं तो मैंने पूरा टेस्ट मैच ज्यादा नहीं देखा है। सोशल मीडिया पर दिखने वाली ‘हाइलाइट’ देखकर लगता है कि उसने अपने करियर की शुरुआत बहुत अच्छी तरह की है। ’’
महाराज को भरोसा है कि सुथार अगले 10 साल में टेस्ट क्रिकेट में भारत के स्पिन आक्रमण की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।
उन्होंने कहा, “इस टेस्ट में उनके आंकड़े (71 रन देकर चार विकेट और 55 रन देकर छह विकेट) देखकर लगता है कि भारत को एक शानदार खिलाड़ी मिल गया है जो मौजूदा महान खिलाड़ियों के क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद एक दिन इस जिम्मेदारी को संभाल सकता है। ’’
महाराज को सुथार की गेंदबाजी में सबसे अच्छी बात उनका गेंद पर नियंत्रण और अलग-अलग तरह की गेंदें डालने की क्षमता लगी।
उन्होंने कहा, ‘‘उसका नियंत्रण बहुत अच्छा है और वह गेंद में छोटे-छोटे बदलाव भी अच्छी तरह करता है। अगर मुझे सही याद है, तो उसने काउंटी क्रिकेट में वारविकशर के लिए भी अच्छा प्रदर्शन किया है। वह शानदार है। ’’
36 वर्षीय महाराज ने टेस्ट क्रिकेट में 12 बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया है।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द