भारत थॉमस और उबेर कप में चीन के ग्रुप में

Ads

भारत थॉमस और उबेर कप में चीन के ग्रुप में

  •  
  • Publish Date - March 18, 2026 / 04:58 PM IST,
    Updated On - March 18, 2026 / 04:58 PM IST

नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) भारतीय पुरुष और महिला टीम को क्रमश: थॉमस और उबेर कप के लिए मुश्किल ड्रॉ मिले हैं क्योंकि उन्हें मौजूदा चैंपियन चीन के साथ एक ही ग्रुप में रखा गया है। विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने बुधवार को ड्रॉ की घोषणा की।

थॉमस कप का 34वां और उबेर कप का 31वां सत्र 24 अप्रैल से तीन मई तक डेनमार्क के हॉर्सेंस में आयोजित किया जाएगा।

वर्ष 2022 में अपना पहला खिताब जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय पुरुष टीम को चीन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया के साथ ग्रुप ‘ए’ में रखा गया है।

भारत पिछले टूर्नामेंट (2024) के क्वार्टर फाइनल में चीन से हार गया था जो बाद में विजेता बना था।

उबेर कप में भारतीय महिला टीम भी मौजूदा और 16 बार के चैंपियन चीन के साथ ग्रुप ‘ए’ में है। मेजबान डेनमार्क और यूक्रेन इस ग्रुप की अन्य टीम हैं।

भारत पिछले टूर्नामेंट में क्वार्टर फाइनल में जापान से हारकर बाहर हो गया था।

चीन के पास एक मजबूत पुरुष टीम है जिसमें शी युकी (दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी) और ली शी फेंग (दुनिया के सातवें नंबर के खिलाड़ी) के अलावा वेंग होंग यांग (दुनिया के 17वें नंबर के खिलाड़ी) और लू गुआंग झू (दुनिया के 18वें नंबर के खिलाड़ी) शामिल हैं।

हालांकि भारत को लक्ष्य सेन की हालिया फॉर्म से आत्मविश्वास मिलेगा क्योंकि पेरिस ओलंपिक 2024 के सेमीफाइनल में जगह बनाने वाले इस खिलाड़ी ने इस महीने की शुरुआत में ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में उपविजेता रहने के दौरान फेंग को हराया था।

भारत ने 2022 में बैंकॉक में अपना पहला थॉमस कप खिताब जीतकर इतिहास रचा था। फाइनल में 14 बार के चैंपियन इंडोनेशिया को 3-0 से हराकर ट्रॉफी जीतने वाला भारत केवल छठा देश बना था।

भारत ने बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप के बाद बीडब्ल्यूएफ पुरुष टीम रैंकिंग में अपनी स्थिति के आधार पर 2026 थॉमस कप के लिए क्वालीफाई किया।

महिला टीम ने भी विश्व रैंकिंग के जरिए उबेर कप में अपनी जगह पक्की की। चार-चार टीम के चार ग्रुप में बांटी कुल 16 टीम राउंड रोबिन लीग खेलेंगी जिसमें हर मुकाबले में पांच मैच (तीन एकल और दो युगल) होंगे।

हर ग्रुप से शीर्ष दो टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी।

थॉमस कप ड्रॉ:

ग्रुप ए: चीन, भारत, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया

ग्रुप बी: जापान, मलेशिया, इंग्लैंड, फिनलैंड

ग्रुप सी: चीनी ताइपे, डेनमार्क, कोरिया, स्वीडन

ग्रुप डी: इंडोनेशिया, फ्रांस, थाईलैंड, अल्जीरिया।

उबेर कप ड्रॉ:

ग्रुप ए: चीन, भारत, डेनमार्क, यूक्रेन

ग्रुप बी: जापान, मलेशिया, तुर्की, दक्षिण अफ्रीका

ग्रुप सी: चीनी ताइपे, इंडोनेशिया, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया

ग्रुप डी: कोरिया, थाईलैंड, बुल्गारिया, स्पेन।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता

शीर्ष 5 समाचार