लॉन बॉल्स के महिला युगल और पुरुष एकल में भारत पदक की दौड़ से बाहर

लॉन बॉल्स के महिला युगल और पुरुष एकल में भारत पदक की दौड़ से बाहर

लॉन बॉल्स के महिला युगल और पुरुष एकल में भारत पदक की दौड़ से बाहर
Modified Date: July 27, 2026 / 01:11 am IST
Published Date: July 27, 2026 1:11 am IST

ग्लास्गो, 26 जुलाई (भाषा) भारत को राष्ट्रमंडल खेलों में रविवार को लॉन बॉल्स में निराशा हाथ लगी, जहां महिला युगल टीम इंग्लैंड से टाई-ब्रेकर में हारकर बाहर हो गई, जबकि पुरुष एकल में पुतुल सोनोवाल की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद भी टूट गई।

पिंकी सिंह और रूपा रानी टिर्की की महिला युगल जोड़ी सेक्शन-बी के अपने अंतिम मुकाबले में इंग्लैंड से टाई-ब्रेकर में हार गई। दोनों टीमों ने एक-एक सेट जीता, जिसके बाद खेले गए निर्णायक एक-एंड टाई-ब्रेकर में इंग्लैंड ने 1-0 से जीत दर्ज कर 1-1 (3-4, 10-3) के परिणाम के साथ भारत को सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर कर दिया।

पुतुल सोनोवाल के रविवार को सेक्शन-डी के मैच में माल्टा के शॉन जेम्स पार्निस से 0.5-1.5 से हारने के बाद उनकी पुरुष एकल सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें खत्म हो गईं।

अंक तालिका में तीसरे स्थान पर चल रहे सोनोवाल सोमवार को अपने अंतिम सेक्शन मुकाबले में सबसे निचले स्थान पर मौजूद केन्या के अनवर हमादा से भिड़ेंगे।

इससे पहले नामीबिया से हारने के बाद भारतीय महिला जोड़ी ने इंग्लैंड के खिलाफ अच्छी शुरुआत की। पिंकी और रूपा ने कड़े मुकाबले में एमी फैरो और सियान हॉनर की जोड़ी को पहले सेट में 4-3 से हराया।

पहले तीन एंड के बाद भारतीय जोड़ी ने 4-0 की बढ़त बना ली थी, लेकिन इंग्लैंड ने अंतिम दो एंड में तीन अंक जुटाकर वापसी की। इसके बावजूद भारत पहला सेट अपने नाम करने में सफल रहा।

दूसरे सेट में इंग्लैंड ने शानदार वापसी की। शुरुआती दो एंड के बाद स्कोर 3-3 से बराबर था, लेकिन इसके बाद एमी और सियान ने लगातार दबाव बनाया। तीसरे एंड में चार अंक हासिल करने के बाद उन्होंने 10-3 से सेट जीतकर मुकाबले को टाई-ब्रेकर में पहुंचा दिया।

निर्णायक टाई-ब्रेकर बेहद रोमांचक रहा। इंग्लैंड ने शुरुआत में बढ़त बनाई और एमी ने जैक के आसपास तीन बेहतरीन बॉल डालीं। इसके जवाब में पिंकी ने शानदार थ्रो खेलते हुए जैक को इंग्लैंड की बॉलों से दूर खिसका दिया, जिससे भारत की उम्मीदें बनी रहीं।

रोमांचक मुकाबले का फैसला अंतिम बॉल पर फैसला हुआ। पिंकी ने जैक के बेहद करीब शानदार बॉल डाली, लेकिन इंग्लैंड की कप्तान सियान ने उससे भी बेहतर थ्रो करते हुए भारत की बॉल को पीछे छोड़ दिया और अपनी बॉल को जैक के करीब पहुंचाने में सफल रही। इसके साथ ही इंग्लैंड ने निर्णायक अंक जीतकर टाई-ब्रेकर 1-0 से अपने नाम कर लिया।

इस जीत के साथ इंग्लैंड ने सेमीफाइनल की दौड़ में अपनी उम्मीदें बरकरार रखीं, जबकि भारत का महिला युगल अभियान समाप्त हो गया।

भारतीय जोड़ी ने पांच मुकाबलों में तीन जीत दर्ज कर नौ अंकों के साथ सेक्शन-बी में इंग्लैंड और नामीबिया के बाद तीसरे स्थान पर अभियान समाप्त किया।

इससे पहले रविवार को ही पिंकी और रूपा को नामीबिया की अमांडा स्टीनकैंप और डायना विलजोन की जोड़ी के खिलाफ भी टाई-ब्रेकर में 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय जोड़ी पहला सेट 5-7 से हार गई थी, लेकिन दूसरे सेट में 10-1 की शानदार जीत दर्ज कर मुकाबला टाई-ब्रेकर तक ले गई थी।

सोनोवाल ने दो-सेट वाले इस मुकाबले में पार्निस ने शुरुआती सेट में दबदबा बनाए रखा। पांच ‘एंड’ के बाद वह 10-0 से आगे थे जिसके बाद सोनोवाल ने आखिरी दो ‘एंड’ में दो-दो शॉट लगाकर अंतर कम किया, लेकिन वह 4-10 से हार गए।

सोनोवाल ने दूसरे सेट में बेहतर टक्कर दी। 0-4 से पिछड़ने के बाद, उन्होंने तीसरे ‘एंड’ में चार शॉट लगाकर स्कोर बराबर किया और पांच ‘एंड’ के बाद 7-4 की बढ़त बना ली।

हालांकि पार्निस ने छठे ‘एंड’ में दो और सातवें ‘एंड’ में एक शॉट हासिल करके मैच 7-7 से ड्रॉ करा लिया।

पहले सेट के लिए एक एक अंक और ड्रॉ हुए दूसरे सेट के लिए दोनों खिलाड़ियों को आधा-आधा अंक मिलने के साथ पार्निस ने 1.5-0.5 से जीत हासिल की और सोनोवाल की पुरुष एकल सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

यह पार्निस की चार मैच में तीसरी जीत थी और इससे वह ग्रुप डी तालिका में मलेशिया के इज्जत शमीर जुल्केप्ले के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गए।

तीसरे स्थान पर मौजूद सोनोवाल सोमवार को अपने आखिरी ग्रुप मैच में सबसे नीचे चल रहे कीनिया के अनवर हमदा के खिलाफ अपना अभियान खत्म करेंगे।

भाषा आनन्द आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में