मैनचेस्टर, 21 जून (भाषा) भारत ने रविवार को यहां आईसीसी महिला टी20 विश्व कप मैच में दीप्ति शर्मा के 29 रन और कप्तान हरमनप्रीत कौर के 24 रन की मदद से मुश्किल और असमान उछाल वाली पिच पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 20 ओवर में सात विकेट पर 158 रन बनाए।
सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने 15 गेंद में 31 रन बनाए।
भारत ने उप कप्तान स्मृति मंधाना के रूप में पहला विकेट गंवाया, तब स्कोर 30 रन था। लेकिन इसके बाद खराब शॉट चयन की वजह से यह चार विकेट पर 83 रन हो गया।
फिर दोनों सीनियर खिलाड़ियों ने पांचवें विकेट के लिए 33 रन जोड़कर पारी को संभाला। दीप्ति ने 21 गेंद में 29 रन बनाए जिसमें तीन चौके शामिल थे। लेकिन स्वीप शॉट खेलने की कोशिश में वह आउट हो गईं।
वहीं हरमनप्रीत ने 22 गेंद में 24 रन बनाए जो पुरुष और महिला दोनों क्रिकेट में 200 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली पहली क्रिकेटर बनीं।
भारत के विकेटों के गिरने का सिलसिला मंधाना (12 गेंद में 17 रन, तीन चौके) के मारिजाने काप (27 रन देकर दो विकेट) की गेंद पर आउट होने से शुरू हुआ। वह शॉट खेलने के लिए विकेट के आगे बढ़ी, लेकिन गेंद से संपर्क नहीं कर पाईं और गेंद सीधे उनके स्टंप्स से जा टकराई। मंधाना ने शबनीम इस्माइल (28 रन देकर दो विकेट) की गेंदों पर लगातार दो चौके लगाए थे।
शेफाली (चार चौके, एक छक्का) ने क्लो ट्रायोन के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया जिससे भारत ने चौथे ओवर में 17 रन बनाए।
लेकिन इस्माइल की शानदार गेंदबाजी के कारण शेफाली को पवेलियन लौटना पड़ा। दक्षिण अफ्रीका की अनुभवी गेंदबाज ने अंदर आती हुई एक तेज खतरनाक गेंद फेंकी जिससे भारतीय खिलाड़ी को झुककर बचाव करना पड़ा।
दक्षिण अफ्रीका की खिलाड़ी विकेट के पीछे कैच के लिए रिव्यू लेने में हिचकिचा रही थीं लेकिन यह सही फैसला साबित हुआ क्योंकि ‘अल्ट्रा-एज’ से पुष्टि हुई कि गेंद ग्लव्स को छूकर गई थी।
इसके बाद अयाबोंगा खाका ने यस्तिका भाटिया (15) को पगबाधा आउट किया।
वहीं नादिन डि क्लर्क ने जेमिमा रोड्रिग्स (12) का शानदार रिटर्न कैच लपककर उन्हें आउट किया और 11वें ओवर में भारत का स्कोर चार विकेट पर 83 रन कर दिया।
हरमनप्रीत के पास लड़खड़ाती पारी को संभालने का मौका था लेकिन वह सिर्फ 24 रन ही बना सकीं और इस्माइल की गेंद पर शॉट खेलते हुए गेंद को अपने ही विकेट पर मार बैठीं।
ऋचा घोष भी उन खिलाड़ियों में शामिल रहीं जो अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सकीं। उन्होंने 14 गेंद में 15 रन बनाए।
भाषा नमिता
नमिता