लंदन, 11 जुलाई (भाषा) ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेले जा रहे एकमात्र महिला टेस्ट के दूसरे दिन शनिवार को लंच तक इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में पांच विकेट पर 137 रन बना लिए।
भारत की पहली पारी के 285 रन के जवाब में बल्लेबाजी कर रही मेजबान टीम अब भी 148 रन पीछे है।
इंग्लैंड ने एक विकेट पर 21 रन के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया, लेकिन पहले सत्र में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उस पर लगातार दबाव बनाए रखा। इस दौरान माइया बूचियेर, हीदर नाइट और एलिस कैप्सी के विकेट गिरने से इंग्लैंड की स्थिति डगमगा गई।
एमी जोन्स ने 62 गेंदों पर 52 रन की जुझारू अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की। लंच के समय कप्तान नैट साइवर-ब्रंट 39 रन बनाकर नाबाद थीं, जबकि मैडी विलियर्स पांच रन बनाकर उनका साथ दे रही थीं।
भारत की ओर से तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ सबसे सफल रहीं। उन्होंने 25 रन देकर तीन विकेट झटके। सयाली सतघरे ने 36 रन देकर एक विकेट हासिल किया, जबकि स्नेह राणा ने 35 रन देकर एक सफलता अपने नाम की।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता