हरमनप्रीत और मंधाना के अर्धशतकों के बावजूद भारत 214 रन पर आउट
हरमनप्रीत और मंधाना के अर्धशतकों के बावजूद भारत 214 रन पर आउट
ब्रिस्बेन, 24 फरवरी (भाषा) कप्तान हरमनप्रीत कौर और उप कप्तान स्मृति मंधाना के अर्धशतकों के बावजूद भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में मंगलवार को यहां 214 रन पर आउट हो गई।
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से स्पिनर एशले गार्डनर सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने सात ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट लिए।
किम गार्थ और एलिसे पेरी के चोटिल होने के कारण तीन मैचों की श्रृंखला से बाहर होने के बाद तेज गेंदबाज मेगन शट और लूसी हैमिल्टन को अंतिम समय में ऑस्ट्रेलिया की टीम में शामिल किया गया।
भारत के टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरने के बाद मेगन ने मैच के पहले ओवर की दूसरी गेंद पर ही प्रतिका रावल को अपनी तेज इनस्विंगर गेंद से आउट कर दिया। रावल पिछले साल घरेलू मैदान पर खेले गए वनडे विश्व कप में भारत की जीत के दौरान टखने में लगी चोट से उबरकर राष्ट्रीय टीम की तरफ से पहली बार कोई मैच खेल रही थी।
शेफाली वर्मा (04) ने पहली बार तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए निराश किया। उन्होंने डार्सी ब्राउन को सीधा कैच थमाया।
मंधाना (68 गेंदों में 58 रन) ने स्लिप कॉर्डन पर लगातार चौके लगाए। उनके ड्राइव भी दर्शनीय थे। ।
ऑस्ट्रेलिया के स्पिनरों ने बीच के ओवरों में दबाव बनाए रखा और गार्डनर ने जेमिमा रोड्रिग्स (08) को एक फुल लेंथ गेंद पर विकेटकीपर के हाथों कैच आउट कराया।
मंधाना और दीप्ति शर्मा (02) के आउट होने के बाद हरमनप्रीत (84 गेंदों में 53 रन) ने पारी को संभालने का प्रयास किया। हालांकि वह भी गार्डनर की गेंद पर डीप में स्वीप शॉट खेलकर आउट हो गईं। रिचा घोष ने 23 रन बनाए।
काशवी गौतम (44 गेंदों में 43 रन) ने स्कोर को 200 रन के पार पहुंचाया। उन्होंने कुल तीन छक्के लगाए, जिनमें मेगन की गेंद पर लॉन्ग-ऑन के ऊपर से लगाया गया दर्शनीय छक्का भी शामिल है।
भाषा
पंत
पंत

Facebook


