प्रिंस की चोट के कारण आखिरी टी20 में भारत को करने पड़ेंगे कुछ बदलाव: अय्यर

Ads

प्रिंस की चोट के कारण आखिरी टी20 में भारत को करने पड़ेंगे कुछ बदलाव: अय्यर

  •  
  • Publish Date - July 25, 2026 / 09:14 PM IST,
    Updated On - July 25, 2026 / 09:14 PM IST

हरारे, 25 जुलाई (भाषा) भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने जिम्बाब्वे पर 90 रन की जीत के साथ टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला अपने नाम करने के बाद कहा कि तेज गेंदबाज प्रिंस यादव की चोट के कारण रविवार को खेले जाने वाले तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में टीम को कुछ बदलाव करने पड़ सकते हैं।

प्रिंस अपने दूसरे ओवर की दूसरी गेंद फेंकने के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मैदान से बाहर चले गए। चोटिल होने से पहले वह दो विकेट झटक चुके थे।

अय्यर ने मैच के बाद कहा, ‘‘दुर्भाग्य से हमारा एक खिलाड़ी चोटिल हो गया है, इसलिए कल (रविवार) के मैच में टीम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं।’’

भारत ने इशान किशन (81) और तिलक वर्मा (नाबाद 60) की शानदार पारियों की बदौलत पांच विकेट पर 219 रन बनाए। इसके जवाब में जिम्बाब्वे की पूरी टीम 17.5 ओवर में 129 रन पर सिमट गई और भारत ने तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली।

अय्यर ने कहा, ‘‘इशान और तिलक ने शानदार बल्लेबाजी की। मुझे लगा था कि इस विकेट पर 180 से 200 रन प्रतिस्पर्धी स्कोर होगा, लेकिन हमने 220 रन बना लिए, जो टीम के लिए बोनस साबित हुआ।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैदान पर यही रवैया होना चाहिए। वर्तमान में रहकर अपनी योजनाओं को बेहतर तरीके से अमल में लाना सबसे अहम है।’’

अपनी 44 गेंदों की पारी में नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से 81 रन बनाने वाले किशन ने कहा कि बल्लेबाजी के लिए यह आसान विकेट नहीं था।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगा कि यह ऐसा विकेट था, जहां आसानी से रन बनाए जा सकते थे। कुछ गेंदें असमान उछाल ले रही थीं, इसलिए हमने साझेदारी बनाने पर ध्यान दिया।’’

इशान ने कहा, ‘‘विकेट गिरने की चिंता करने के बजाय यह देखना जरूरी था कि किन गेंदबाजों को निशाना बनाया जा सकता है।’’

पदार्पण मैच में दो विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने कहा कि धीमी गेंदों की रणनीति उनकी टीम के लिए कारगर साबित हुई।

उन्होंने कहा, ‘‘स्पेल शुरू होने से पहले मेरी और श्रेयस भाई की योजना पर चर्चा हुई थी। हमें लगा कि इस विकेट पर धीमी गेंदें काफी प्रभावी रहेंगी। हमने उसी रणनीति पर अमल किया और उसका फायदा मिला।’’

जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने भारतीय टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा, ‘‘हमारे गेंदबाजों ने कुछ समय तक अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन भारत ने शानदार बल्लेबाजी और कौशल का प्रदर्शन किया। हमारी क्षेत्ररक्षण बेहतर हो सकती थी।’’

रजा ने किशन की तारीफ करते हुए कहा, ‘‘ किशन लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उनसे काफी कुछ सीखने को मिलता है और उम्मीद है कि इससे हमारी टीम भी बेहतर बनेगी। बल्लेबाजी में बतौर कप्तान मैं टीम की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका। अगले मैच में बेहतर प्रदर्शन करने की पूरी कोशिश करूंगा।’’

भाषा

आनन्द नमिता

नमिता