महिला हॉकी विश्व कप में जगह बनाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना होगा भारत को

Ads

महिला हॉकी विश्व कप में जगह बनाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना होगा भारत को

  •  
  • Publish Date - March 7, 2026 / 02:11 PM IST,
    Updated On - March 7, 2026 / 02:11 PM IST

हैदराबाद, सात मार्च (भाषा) अनुभवी कोच शोर्ड मारिन के टीम से जुड़ने के बाद उत्साह से भरी भारतीय टीम एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप में जगह बनाने के लक्ष्य के साथ क्वालीफायर में उरुग्वे के खिलाफ रविवार को यहां होने वाले मैच में जीत दर्ज करके अपने अभियान की सकारात्मक शुरुआत करने की कोशिश करेगी।

इस टूर्नामेंट में आठ टीमें मेजबान भारत, इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, कोरिया, इटली, उरुग्वे, वेल्स और ऑस्ट्रिया विश्व कप के तीन स्थानों के लिए अपनी चुनौती पेश करेंगे।

इस टूर्नामेंट में विश्व कप के तीन स्थान दांव पर लगे होने का मतलब है कि पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम बेल्जियम और नीदरलैंड में 14 से 30 अगस्त तक होने वाले विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी। इसी दौरान इन दोनों देशों में पुरुष विश्व कप भी खेला जाएगा।

यह मारिन की मुख्य कोच के रूप में पहली जिम्मेदारी होगी। नीदरलैंड के इस कोच 2021 के तोक्यो ओलंपिक में भारतीय टीम के ऐतिहासिक चौथे स्थान पर रहने के बाद पद छोड़ दिया था और अब वह वापसी कर रहे हैं।

भारत इस समय विश्व रैंकिंग में नौवें स्थान पर है और टूर्नामेंट में सातवें नंबर की टीम इंग्लैंड के बाद दूसरी सबसे ऊंची रैंकिंग वाली टीम है।

भारत की कप्तान सलीमा टेटे ने कहा, ‘‘हम अपने प्रशंसकों के सामने घरेलू मैदान पर क्वालीफायर खेलने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। टीम ने इस टूर्नामेंट के लिए कड़ी तैयारी की है क्योंकि हम जानते हैं कि दांव पर क्या लगा है। यहां हर टीम विश्व कप में जगह बनाने के लिए खेल रही है, इसलिए हम शुरुआत से ही कड़े मुकाबलों की उम्मीद कर रहे हैं।’’

विश्व रैंकिंग के हिसाब से देखें तो भारत उरुग्वे के खिलाफ जीत का प्रबल दावेदार है। इसके बाद भारतीय टीम नौ मार्च को स्कॉटलैंड और 11 मार्च को वेल्स से भिड़ेगी।

इसी बीच दिन के अन्य मैचों में इंग्लैंड का मुकाबला इटली से, कोरिया का ऑस्ट्रिया से और स्कॉटलैंड का वेल्स से होगा।

क्वालीफायर में टीमों को दो पूल में विभाजित किया गया है, जिसमें इंग्लैंड, कोरिया, इटली और ऑस्ट्रिया पूल ए में जबकि मेजबान भारत, स्कॉटलैंड, उरुग्वे और वेल्स पूल बी में हैं।

प्रत्येक पूल से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। दोनों सेमीफाइनल और कांस्य पदक मैच के विजेता को विश्व कप में सीधा प्रवेश मिलेगा।

आगामी विश्व कप में पुरुष और महिला दोनों वर्ग में 16 टीमें भाग लेंगी। इनमें से प्रत्येक वर्ग में नौ टीमें पहले ही क्वालीफाई कर चुकी हैं।

भारत अभी तक महिला विश्व कप में आठ बार भाग ले चुका है। उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1974 में पहले विश्व कप में रहा था जब उसने चौथा स्थान हासिल किया था।

भाषा

पंत

पंत