अटलांटा, 15 जुलाई (भाषा) गत चैंपियन अर्जेन्टीना और इंग्लैंड के बीच बुधवार को यहां खेला जा रहा फुटबॉल विश्व कप सेमीफाइनल मुकाबला मध्यांतर तक गोल रहित बराबर रहा।
पहले हाफ में अधिकांश समय दोनों टीम प्रभावी मूव बनाने के लिए जूझती नजर आईं जिससे दोनों ही गोलकीपर को किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।
इंग्लैंड ने सेमीफाइनल के लिए अपनी शुरुआती एकादश में तीन बदलाव किए। मैनेजर थॉमस ट्यूशेल ने रीस जेम्स और जेड स्पेंस को रक्षापंक्ति में जगह दी जबकि विंगर के तौर पर नोनी माडुके की जगह मोर्गन रोजर्स ने ली।
अर्जेन्टीना के कोच लियोनेल स्कालोनी ने भी एक बदलाव करते हुए रोड्रिगो डि पॉल की जगह जूलियानो सिमियोन को मौका दिया।
दोनों टीमों ने आक्रामक शुरुआत की लेकिन साथ ही सतर्क रवैया भी अपनाया जिससे शुरुआती 12 मिनट में आठ फाउल हुए लेकिन गोल की तरफ एक भी शॉट नहीं लगा। अर्जेन्टीना ने इसमें से पांच जबकि इंग्लैंड ने तीन फाउल किए।
अर्जेन्टीना के खिलाड़ियों ने शुरुआती 20 मिनट में गेंद को अधिक समय अपने कब्जे में रखा लेकिन टीम कोई प्रभावी मूव बनाने में नाकाम रही।
अर्जेन्टीना की टीम भाग्यशाली रही कि उसके खिलाड़ियों के रफ खेल के बावजूद शुरुआती 30 मिनट में उसके किसी खिलाड़ी को पीला कार्ड नहीं दिखाया गया। एंजो फर्नांडीज ने चौथे मिनट में इलियट एंडरसन और फिर 32वें मिनट में टीम के पेनल्टी एरिया में ज्यूड बेलिंघम के खिलाफ फाउल किया लेकिन अमेरिकी रैफरी इस्माइल एलफेथ ने उन्हें पीला कार्ड नहीं दिखाया।
अर्जेन्टीना के खिलाड़ी के फाउल पर इंग्लैंड को 37वे मिनट में फ्री किक मिली। जेम्स ने इसे बाईं तरफ से गोल की तरफ पहुंचाने की कोशिश की लेकिन एमिलियानो मार्टिनेज ने आसानी से खतरे को टाल दिया।
कप्तान हैरी केन और एंथोनी गोर्डन ने लियोनल मेस्सी के खिलाफ जानबूझकर फाउल करने की कोशिश की लेकिन अर्जेन्टीना के दिग्गज के खिलाफ फाउल किया एंडरसन ने जिसके लिए उन्हें मैच का पहला पीला कार्ड दिखाया गया।
रैफरी एलफेथ ने 42वें मिनट में मोर्गन रोजर्स को खींचने के लिए अर्जेन्टीना के लिसांड्रो मार्टिनेज को भी पीला कार्ड दिखाया।
बेलिंघम ने इस बीच स्पेंस के पास पर गेंद को आगे बढ़ाया लेकिन अर्जेन्टीना की रक्षापंक्ति ने उनके प्रयास को आसानी से विफल कर दिया।
भाषा सुधीर
सुधीर