असम में नए स्टेडियम में होगी इंडियन एथलेटिक्स सीरीज
असम में नए स्टेडियम में होगी इंडियन एथलेटिक्स सीरीज
नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) असम के नलबाड़ी जिले के सरियाहतली में बना नया स्टेडियम छह जून को इंडियन एथलेटिक्स सीरीज के सातवें चरण की मेजबानी करेगा। इससे राज्य और आस-पास के इलाकों के एथलीटों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा।
इस एकदिवसीय प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में 18 स्पर्धाएं होंगी जिसमें पुरुषों और महिलाओं के लिए नौ-नौ स्पर्धाएं शामिल हैं। इसके अलावा जूनियर वर्ग में 10 स्पर्धाएं (पुरुषों और महिलाओं के अंडर-20 वर्ग में पांच-पांच) होंगी।
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) ने एक सर्कुलर में कहा, ‘‘यह प्रतियोगिता पहली बार हो रही है इसलिए इससे असम राज्य के अंदरूनी इलाकों के एथलीटों को एथलेटिक्स को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।’’
इस प्रतियोगिता का आयोजन एएफआई के तत्वावधान में असम एथलेटिक्स संघ करेगा।
नए स्टेडियम में एक नया नौ लेन का ट्रैक बनाया गया है जो नलबाड़ी जिला खेल स्टेडियम परिसर का हिस्सा है। इस परिसर का उद्घाटन फरवरी में मुख्यमंत्री हिमंता विश्व सरमा ने किया था। इस परिसर में फुटबॉल मैदान के अलावा बेहतरीन ट्रेनिंग के लिए असम की पहली एथलेटिक्स अकादमी भी है।
असम ने पहले भी गुवाहाटी के इंदिरा गांधी स्टेडियम में राष्ट्रीय अंतरराज्यीय चैंपियनशिप जैसी बड़ी राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता की मेजबानी की है।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता

Facebook


