भारतीय फुटबॉल टीम उरुग्वे और पनामा से खेलेगी अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच
भारतीय फुटबॉल टीम उरुग्वे और पनामा से खेलेगी अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच
नयी दिल्ली, 27 अगस्त (भाषा) अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने बृहस्पतिवार को बताया कि भारतीय सीनियर पुरुष टीम आगामी फीफा विंडो में 26 सितंबर को पनामा से और छह अक्टूबर को दो बार की विश्व चैंपियन उरुग्वे से अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच खेलेगी।
इस तरह फीफा विंडो में भारत घरेलू मैदान पर किसी मजबूत टीम के खिलाफ तीसरा अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबला खेलेगा।
उरुग्वे के खिलाफ यह मुकाबला कोलकाता में पांच बार की विश्व कप चैंपियन ब्राजील के खिलाफ भारत के अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच के तीन दिन बाद खेला जाएगा।
ब्राजील के खिलाफ मैच भी कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन (सॉल्ट लेक स्टेडियम) में होगा। उरुग्वे के खिलाफ मुकाबला भी इसी प्रतिष्ठित स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
भारतीय टीम 26 सितंबर को बेंगलुरु के कांतीरवा स्टेडियम में पनामा के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच खेलेगी।
फीफा की अंतरराष्ट्रीय विंडो 21 सितंबर से छह अक्टूबर तक होगी और इस अवधि में कोई देश अधिकतम चार मैच खेल सकता है।
अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा, ‘‘भारतीय पुरुष राष्ट्रीय टीम कोलकाता में विश्व फुटबॉल की एक और दिग्गज टीम का स्वागत करेगी। दो बार की फीफा विश्व कप चैंपियन उरुग्वे छह अक्टूबर 2026 को विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में भारत के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच खेलेगा। यह इस विंडो में भारत का तीसरा हाई-प्रोफाइल अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच होगा। ’’
महासंघ ने कहा, ‘‘एक ही फीफा विंडो के दौरान विश्व कप में खेल चुके तीन देश पनामा, ब्राजील और उरुग्वे भारत का दौरा करेंगे। ’’
उरुग्वे फिलहाल फीफा रैंकिंग में 20वें स्थान पर है। उसने 1930 और 1950 में विश्व कप जीता था। टीम 1954, 1970 और 2010 में तीन बार विश्व कप के सेमीफाइनल तक भी पहुंची है।
उरुग्वे 2026 विश्व कप में ग्रुप चरण से ही बाहर हो गया। उसने सऊदी अरब के खिलाफ 1-1 और केप वर्डे के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेला जबकि बाद में चैंपियन बनी स्पेन से 0-1 से हार गया।
उरुग्वे को 2022 विश्व कप में भी ग्रुप चरण से बाहर होना पड़ा था। उरुग्वे के मौजूदा मुख्य कोच डिएगो फोर्लान 2016 में मुंबई सिटी एफसी के लिए खेल चुके हैं।
इससे पहले एआईएफएफ ने घोषणा की कि बेंगलुरु का श्री कांतीरवा स्टेडियम 26 सितंबर को भारत-पनामा मैत्री मैच की मेजबानी करेगा।
भारतीय टीम सैफ चैंपियनशिप 2023 के बाद बेंगलुरु में खेलेगी। उस टूर्नामेंट में भारत ने इसी मैदान पर फाइनल में कुवैत को हराकर खिताब जीता था।
फिलहाल विश्व रैंकिंग में 44वें स्थान पर मौजूद पनामा की टीम भारत को मजबूत चुनौती पेश करेगी। इस मध्य अमेरिकी देश ने फीफा विश्व कप 2026 में भी हिस्सा लिया था जिससे इस मुकाबले का महत्व और बढ़ जाता है।
यह भारत का किसी विश्व कप में खेलने वाले देश के खिलाफ पहला मैत्री मैच होगा। यह व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान खेला जाएगा और इसके ठीक एक सप्ताह बाद भारत तीन अक्टूबर को कोलकाता में पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील के खिलाफ खेलेगा।
इसके अलावा भारतीय टीम को 12 और 15 नवंबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ उसके घरेलू मैदान पर दो मैच खेलने हैं।
भाषा नमिता पंत
पंत

Facebook


