भारतीय निवेश ने एसए20 को ‘पूरी तरह नई जिंदगी’ दी : क्रिस मौरिस

Ads

भारतीय निवेश ने एसए20 को ‘पूरी तरह नई जिंदगी’ दी : क्रिस मौरिस

  •  
  • Publish Date - August 11, 2026 / 06:31 PM IST,
    Updated On - August 11, 2026 / 06:31 PM IST

नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) दक्षिण अफ्रीका के पूर्व हरफनमौला क्रिस मौरिस का मानना है कि भारतीय निवेश और आईपीएल टीमों की भागीदारी ने एसए20 (दक्षिण अफ्रीका की शीर्ष घरेलू टी20 लीग) को ‘पूरी तरह नई जिंदगी’ दी है।

उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट व्यवस्था के सहयोग से यह टी20 लीग पांचवें सत्र में प्रवेश करने से पहले दुनिया की प्रमुख टी20 प्रतियोगिताओं में अपनी जगह बनाने में सफल रही है।

एसए20 में अब कमेंट्री करने वाले मौरिस ने मंगलवार को कहा कि भारतीय स्वामित्व वाली टीमों के निवेश ने लीग को आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ दुनिया के शीर्ष खिलाड़ियों को आकर्षित करने, स्थानीय प्रशंसकों का मजबूत आधार तैयार करने और दक्षिण अफ्रीका में क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाई है।

एसए20 के पांचवें सत्र की नीलामी से पहले मीडिया से बातचीत में मौरिस ने कहा, ‘‘जब ऐसी टीमें आपकी लीग में निवेश करने के लिए आती हैं और बड़े स्तर पर पैसा लगाती हैं तो इससे आपके क्रिकेट को फायदा ही होता है। इससे आप दुनिया के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को दक्षिण अफ्रीका में खेलने के लिए आकर्षित कर सकते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ईमानदारी से कहूं तो इस निवेश ने एसए20 को पूरी तरह नई जिंदगी दी है।’’

मौरिस ने लीग की बढ़ती लोकप्रियता का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘आप पहले सत्र से आगामी पांचवें सत्र तक का सफर देखें। प्रशंसकों का आधार बढ़ा है, स्टेडियम दर्शकों से भरे हैं, टिकटों की बिक्री बढ़ी है और लोगों का समर्थन लगातार मिल रहा है।’’

मौरिस का मानना है कि हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे अगर एसए20 लीग में खेलने का मन बनाते हैं तो वह फ्रेंचाइजी टीमों के लिए आकर्षक विकल्प साबित हो सकते हैं।

मौरिस ने कहा, ‘‘बिल्कुल। वह अपने साथ काफी अनुभव लेकर आते हैं और एक शानदार इंसान भी हैं।’’

उन्होंने पार्ल रॉयल्स के साथ दिनेश कार्तिक के अनुभव का उदाहरण देते हुए कहा कि अनुभवी भारतीय खिलाड़ियों का योगदान केवल मैदान पर उनके प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वे फ्रेंचाइजी के माहौल और टीम के खिलाड़ियों पर भी सकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर