नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) भारतीय खिलाड़ियों ने नाइजीरिया में चल रही अंडर-23 राष्ट्रमंडल तलवारबाजी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए प्रतियोगिता के दूसरे दिन सात और पदक अपने नाम किए।
भारत ने प्रतियोगिता के पहले दिन ही चार स्वर्ण सहित कुल 17 पदक जीतकर पुरुष और महिला व्यक्तिगत स्पर्धाओं में अपना दबदबा कायम किया था।
भारतीय खिलाड़ियों ने सोमवार रात सीनियर व्यक्तिगत वर्ग की महिला सेबर, महिला एपी और पुरुष फॉयल स्पर्धाओं में एक स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य पदक जीते।
सीनियर महिला एपी स्पर्धा में तनिष्का खत्री ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि उनकी साथी खुशी दाभाड़े ने रजत पदक अपने नाम किया। प्राची लोहान ने ऑस्ट्रेलिया की हैरिसन एशले के साथ कांस्य पदक साझा किया।
सीनियर महिला सेबर व्यक्तिगत स्पर्धा में भी भारत ने तीन पदक जीते। आखरी ने कड़े मुकाबले के बाद रजत पदक हासिल किया। इंग्लैंड की ब्रियरली ने स्वर्ण पदक जीता।
जेफरलिन और श्रुति जोशी ने भारत के लिए कांस्य पदक जीते।
सीनियर पुरुष फॉयल स्पर्धा में तेजस पाटिल ने मजबूत अंतरराष्ट्रीय चुनौती के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा का स्वर्ण साइप्रस के एलेक्स टोफलिडास और रजत इंग्लैंड के ओलिवर स्टारेंज ने हासिल किया।
भाषा
आनन्द सुधीर
सुधीर