भारतीय मिश्रित दिव्यांग टीम ने इंग्लैंड को हराने के बाद गांगुली जैसा जश्न मनाया

Ads

भारतीय मिश्रित दिव्यांग टीम ने इंग्लैंड को हराने के बाद गांगुली जैसा जश्न मनाया

  •  
  • Publish Date - August 20, 2026 / 11:43 AM IST,
    Updated On - August 20, 2026 / 11:43 AM IST

लंदन, 20 अगस्त (भाषा) भारतीय मिश्रित दिव्यांग क्रिकेट टीम ने यहां खेले गए सातवें और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में इंग्लैंड को 118 रन से करारी शिकस्त देने के बाद लॉर्ड्स की बालकनी में सौरव गांगुली के शर्ट लहराने वाले बहुचर्चित जश्न को दोहराया।

अर्जुन गावरे की 44 गेंदों पर 68 रन और कप्तान माजिद मगरे की महज 19 गेंदों पर नाबाद 63 रन की तूफानी पारी की मदद से भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 206 रन बनाए।

इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम केवल 88 रन पर आउट हो गई। भारत की तरफ से हिलाल अहमद वानी ने 21 रन देकर चार और जयेश परमार ने 14 रन देकर तीन विकेट लिए। इंग्लैंड ने इस तरह से सात मैचों की श्रृंखला 4-3 से अपने नाम की।

भारतीय दिव्यांग क्रिकेट परिषद (डीसीसीआई) ने लॉर्ड्स की बालकनी में खिलाड़ियों और अधिकारियों द्वारा अपने ब्लेज़र उतारने का एक वीडियो पोस्ट किया, जो 2002 में नेटवेस्ट ट्रॉफी के फाइनल में इसी मैदान पर भारत की इंग्लैंड के खिलाफ जीत के बाद गांगुली का शर्ट उतार कर जश्न मनाने की नकल थी।

डीसीसीआई ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘‘जब भारत लॉर्ड्स में जीतता है, तो जश्न का माहौल ही अलग होता है। लॉर्ड्स की बालकनी पर क्रिकेट की अपार खुशी का एक पल। कोट उतारकर, जोश से भरे हुए और तिरंगा गर्व से लहराते हुए। 118 रन से जीत। एक अविस्मरणीय जश्न।’’

मिश्रित दिव्यांग प्रारूप में शारीरिक और श्रवण सहित विभिन्न प्रकार की दिव्यांगता वाले खिलाड़ी शामिल होते हैं।

भाषा

पंत

पंत

ताजा खबर