सेंट लुई (अमेरिका), 20 अगस्त (भाषा) भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञाननंदा आर्मागेडन गेम में अमेरिका के वेस्ली सो से हार गए और सिंकफील्ड कप शतरंज टूर्नामेंट में दूसरे स्थान पर रहे।
प्रज्ञाननंदा ने अंतिम दौर की क्लासिकल बाजी नीदरलैंड के अनीश गिरी के साथ ड्रॉ खेलने के बाद वेस्ली सो को टाईब्रेकर के लिए मजबूर किया जिन्होंने टूर्नामेंट में अधिकतर समय बढ़त बनाए रखी थी। टाईब्रेकर में वेस्ली सो ने काले मोहरों से खेलते हुए ड्रॉ खेलकर टूर्नामेंट जीत लिया। यह टूर्नामेंट ग्रैंड शतरंज टूर का हिस्सा है।
नियमों में स्पष्ट रूप से कहा गया था कि टाई होने पर खिलाड़ी दो रैपिड गेम खेलेंगे। यदि फिर भी परिणाम नहीं निकलता है तो एक अंतिम आर्मागेडन गेम खेला जाएगा, जिसमें सफेद मोहरों से खेलने वाले खिलाड़ी के पास पांच मिनट जबकि काले मोहरों से खेलने वाले खिलाड़ी के पास चार मिनट का समय होगा। यह गेम ड्रॉ रहने पर काले मोहरों से खेलने वाला खिलाड़ी विजेता घोषित किया जाएगा।
दोनों रैपिड गेम बराबर रहने के बाद प्रज्ञाननंदा को आर्मागेडन गेम सफेद मोहरों से खेलना पड़ा। यह गेम ड्रॉ रहा जिससे भारतीय खिलाड़ी को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। प्रज्ञाननंदा के लिए अच्छी बात यह रही कि वह इस साल के आखिर में होने वाले ग्रैंड फाइनल के लिए पहले ही क्वालीफाई कर चुके थे।
भाषा
पंत
पंत