आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप में शानदार प्रदर्शन जारी रखना चाहेंगे भारतीय निशानेबाज

आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप में शानदार प्रदर्शन जारी रखना चाहेंगे भारतीय निशानेबाज

आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप में शानदार प्रदर्शन जारी रखना चाहेंगे भारतीय निशानेबाज
Modified Date: September 24, 2025 / 05:37 pm IST
Published Date: September 24, 2025 5:37 pm IST

नयी दिल्ली, 24 सितंबर (भाषा) ओलंपियन शॉटगन निशानेबाज रायजा ढिल्लों और एशियाई जूनियर ट्रैप चैंपियन सबीरा हारिस बृहस्पतिवार से यहां शुरू हो रहे आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप में 69 सदस्यीय भारतीय दल का नेतृत्व करेंगी।

तुगलकाबाद के कर्णी सिंह रेंज में आयोजित होने वाले इस साल के दूसरे और अंतिम जूनियर विश्व कप में भारतीय निशानेबाजों का लक्ष्य घरेलू सरजमीं पर शीर्ष स्थान हासिल करना होगा।

अंडर-21 आयु वर्ग के निशानेबाज राइफल, पिस्टल और शॉटगन में 18 देशों के 200 से अधिक निशानेबाजों के खिलाफ अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

ये निशानेबाज 15 ओलंपिक और दो गैर-ओलंपिक स्पर्धाओं में 51 पदकों के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।

पेरिस ओलंपिक 2024 में भाग लेने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय निशानेबाज रायजा शीर्ष स्कीट निशानेबाजों में से एक हैं और लीमा में 2021 जूनियर विश्व चैंपियनशिप में टीम स्वर्ण पदक जीतने के बाद वह शीर्ष व्यक्तिगत स्थान हासिल करना चाहेंगी।

टूर्नामेंट बृहस्पतिवार को पुरुषों और महिलाओं की 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धाओं के साथ शुरू होगा जिसमें दोनों ही गैर-ओलंपिक स्पर्धा हैं। इसमें भारत दोनों वर्गों में पांच-पांच निशानेबाजों को उतारेगा।

इस वर्ष की शुरुआत में जर्मनी के सुहल में आयोजित जूनियर विश्व कप के प्रदर्शन की तुलना में भारत की पदक तालिका में सुधार होने की संभावना है जिसमें देश 11 पदक (तीन स्वर्ण, चार रजत, चार कांस्य) के साथ शीर्ष पर रहा था।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में