समरकंद शतरंज ओलंपियाड में भारतीय टीमों को होटल के कमरे के लिए पांच घंटे करना पड़ा इंतजार
समरकंद शतरंज ओलंपियाड में भारतीय टीमों को होटल के कमरे के लिए पांच घंटे करना पड़ा इंतजार
नयी दिल्ली, 15 सितंबर (भाषा) गत चैंपियन भारत को मंगलवार को शतरंज ओलंपियाड के लिए समरकंद पहुंचने के बाद अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा और खिलाड़ियों को करीब पांच घंटे की देरी के बाद होटल में कमरे दिए गए।
भारत की पुरुष और महिला टीम 16 से 27 सितंबर तक होने वाले फिडे टूर्नामेंट के लिए उज्बेकिस्तान के इस शहर में पहुंची हैं।
उन्हें कमरों के लिए उम्मीद से अधिक समय तक इंतजार करना पड़ा। हालांकि बाद में सभी खिलाड़ियों को कमरे मिल गए। भारतीय टीम के एक कोच ने पीटीआई को इसकी पुष्टि की।
भारतीय दल के एक सदस्य ने कहा, ‘‘अब सभी खिलाड़ी अपने कमरों में पहुंच गए हैं लेकिन यह निराशाजनक अनुभव रहा।’’
पुरुष टीम के कप्तान ग्रैंडमास्टर श्रीनाथ नारायणन और ग्रैंडमास्टर विदित गुजराती ने इससे पहले सोशल मीडिया पर कमरे मिलने में देरी को लेकर नाराजगी जताई थी।
श्रीनाथ ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘फिडे शतरंज 2026 ओलंपियाड में बेहद खराब अनुभव रहा है। टीम पांच घंटे पहले समरकंद हवाई अड्डे पर पहुंची थी। अभी तक टीम को कमरे आवंटित नहीं किए गए हैं और यह भी स्पष्ट नहीं है कि कमरे कब मिलेंगे।’’
गुजराती ने लिखा, ‘‘समरकंद, उज्बेकिस्तान ओलंपियाड 2026 का बेहद खराब अनुभव। अब भी इंतजार कर रहे हैं।’’
भारतीय पुरुष टीम में विश्व चैंपियन डी गुकेश, ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा, अर्जुन एरिगेसी, निहाल सरीन और गुजराती शामिल हैं। ग्रैंडमास्टर श्रीनाथ टीम के कप्तान हैं।
महिला टीम में कोनेरू हम्पी, आर वैशाली, दिव्या देशमुख, वंतिका अग्रवाल और सविता श्री बी शामिल हैं जबकि स्वयम्स मिश्रा टीम के कप्तान हैं।
पांच पुरुषों और पांच महिलाओं वाली दोनों भारतीय टीम गत चैंपियन हैं। उन्होंने 2024 में क्रमश: पुरुष और महिला वर्ग के खिताब जीतकर इतिहास रचा था।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द

Facebook


