भारतीय महिला फुटबॉल टीम की स्टार खिलाड़ी ग्रेस डांगमेई ने संन्यास की घोषणा की
भारतीय महिला फुटबॉल टीम की स्टार खिलाड़ी ग्रेस डांगमेई ने संन्यास की घोषणा की
मडगांव, छह जून (भाषा) भारतीय महिला फुटबॉल टीम की स्टार खिलाड़ी ग्रेस डांगमेई ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा की।
यह घोषणा टीम के यहां फाइनल में बांग्लादेश पर 3-1 की जीत से सैफ चैंपियनशिप का खिताब जीतने के बाद की गई।
मणिपुर की रहने वाली 30 वर्षीय फॉरवर्ड खिलाड़ी ने 2013 में अपने पदार्पण के बाद से 95 बार देश का प्रतिनिधित्व किया और अपना तीसरा सैफ खिताब जीतकर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का शानदार समापन किया।
फाइनल मैच में वह शुरुआती 11 खिलाड़ियों में शामिल नहीं थीं और स्थानापन्न खिलाड़ी के तौर पर मैदान पर उतरीं। लेकिन बाद में उन्हें कप्तान बनाया गया और पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान उन्होंने ट्रॉफी उठाई।
लगभग 15 साल के अपने शानदार करियर के दौरान ग्रेस केआरवाईपीएचएसए, सेतु एफसी, गोकुलम केरला और श्रीभूमि जैसे शीर्ष भारतीय क्लबों के लिए खेलीं।
ग्रेस 2022 में एक सत्र के अनुबंध पर उज्बेक महिला लीग की टीम एफसी नसाफ कार्शी से जुड़ीं। उन्होंने उस साल 14 लीग मैच में चार गोल करके अपनी उज्बेक टीम को लीग और कप दोनों जिताने में मदद की।
भाषा नमिता
नमिता

Facebook


