देवयानी इंटरनेशनल का पहली तिमाही का मुनाफा बढ़कर 17.1 करोड़ रुपये

Ads

देवयानी इंटरनेशनल का पहली तिमाही का मुनाफा बढ़कर 17.1 करोड़ रुपये

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 01:27 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 01:27 PM IST

नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) क्विक सर्विस रेस्तरां (क्यूएसआर) क्षेत्र की प्रमुख कंपनी देवयानी इंटरनेशनल लिमिटेड (डीआईएल) का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ कई गुना होकर 17.1 करोड़ रुपये रहा।

वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 2.22 करोड़ रुपये था।

कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में परिचालन आय 16.47 प्रतिशत बढ़कर 1,580.51 करोड़ रुपये हो गई। इस दौरान कंपनी का कुल खर्च 15.31 प्रतिशत बढ़कर 1,576.85 करोड़ रुपये रहा। अन्य आय सहित कंपनी की कुल आय 16.72 प्रतिशत बढ़कर 1,599.7 करोड़ रुपये हो गई।

डीआईएल भारत में यम ब्रांड्स की क्यूएसआर श्रृंखलाओं केएफसी और पिज्जा हट की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी है। इसके अलावा, कंपनी भारत में कोस्टा कॉफी, टी लाइव, न्यूयॉर्क फ्राइज और सनूक किचन की एकमात्र फ्रेंचाइजी है। कंपनी दक्षिण भारतीय शाकाहारी क्यूएसआर श्रृंखला वांगो की भी मालिक है।

इस साल की शुरुआत में केएफसी और पिज्जा हट की दो प्रमुख फ्रेंचाइजी संचालक कंपनियों सैफायर फूड्स इंडिया और देवयानी इंटरनेशनल ने शेयर अदला-बदली के जरिये विलय की घोषणा की थी। इस विलय के बाद संयुक्त इकाई 3,000 से अधिक स्टोर का संचालन करने वाली देश की सबसे बड़ी क्यूएसआर श्रृंखलाओं में से एक बन जाएगी।

डीआईएल ने पिछले साल स्काई गेट हॉस्पिटैलिटी का अधिग्रहण किया था जिसके पास बिरयानी बाय किलो और गोइला बटर चिकन जैसे ब्रांड हैं।

भाषा निहारिका

निहारिका