प्रो लीग में वापसी के लक्ष्य के साथ भारतीय महिला टीम नेशंस कप में अमेरिका के खिलाफ

Ads

प्रो लीग में वापसी के लक्ष्य के साथ भारतीय महिला टीम नेशंस कप में अमेरिका के खिलाफ

  •  
  • Publish Date - June 14, 2026 / 12:46 PM IST,
    Updated On - June 14, 2026 / 12:46 PM IST

ऑकलैंड, 14 जून (भाषा) भारतीय महिला हॉकी टीम शीर्ष स्तरीय एफआईएच प्रो लीग में अगले सत्र में वापसी के लक्ष्य के साथ सोमवार को यहां एफआईएच नेशंस कप में मजबूत प्रतिद्वंद्वी अमेरिका के खिलाफ अपने अभियान की सकारात्मक शुरुआत करने के इरादे से उतरेगी।

भारतीय महिला टीम 2024–25 सत्र में 16 मैचों में केवल 10 अंक हासिल कर अंतिम स्थान पर रहने के कारण एफआईएच प्रो लीग से बाहर होकर दूसरे स्तर के एफआईएच नेशंस कप में खिसक गई थी।

आठ टीमों वाले इस टूर्नामेंट की विजेता टीम को अगले वर्ष प्रो लीग में पदोन्नति मिलेगी।

सलीमा टेटे की कप्तानी में भारत पूल ए में अपने अभियान की शुरुआत अमेरिका के खिलाफ करेगा, इसके बाद 16 जून को जापान और 18 जून को उरुग्वे से भिड़ेगा।

पूल बी में मेजबान न्यूजीलैंड के साथ चिली, कोरिया और फ्रांस शामिल हैं।

भारतीय टीम की कोशिश पूल चरण में मजबूत शुरुआत कर नॉकआउट दौर (20 और 21 जून) से पहले लय हासिल करने की होगी।

विश्व रैंकिंग के आधार पर भारत इस मुकाबले में प्रबल दावेदार माना जा रहा है। भारत एफआईएच की रैंकिंग में नौवें स्थान पर है, जबकि अमेरिका 12वें स्थान पर है।

यह टूर्नामेंट भारतीय टीम को इस वर्ष होने वाले बड़े आयोजनों (2026 एफआईएच हॉकी विश्व कप और एशियाई खेलों) की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय अनुभव भी प्रदान करेगा।

गौरतलब है कि भारतीय टीम हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे से लौटकर आई है, जहां उसने मजबूत प्रदर्शन करते हुए चार मैचों की श्रृंखला 2-2 से बराबरी पर समाप्त की।

दौरे में भारत ने पहले मैच में करीबी हार झेली, लेकिन अगले दो मैच जीतकर शानदार वापसी की। ऑस्ट्रेलिया हालांकि अंतिम मुकाबला जीत कर श्रृंखला बराबर करने में सफल रहा।

इस प्रदर्शन ने टीम के धैर्य, दबाव में संयम और आक्रामक क्षमता को दर्शाया।

भारतीय टीम के मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने टीम की तैयारियों पर भरोसा जताते हुए कहा कि ऑस्ट्रेलिया दौरा बेहतरीन तैयारी साबित हुआ।

उन्होंने कहा, “ऑस्ट्रेलिया दौरा हमारे लिए एक बेहतरीन तैयारी साबित हुआ। हम खिलाड़ियों के चुनौतियों का सामना करने के तरीके से संतुष्ट थे। उन्होंने अलग-अलग परिस्थितियों के अनुसार खुद को बेहतरीन तरीके से ढाला। इन परिणामों ने टीम को आत्मविश्वास दिया, लेकिन उससे भी महत्वपूर्ण यह रहा कि इससे यह स्पष्ट हुआ कि हम एक टीम के रूप में सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। अब हमारा पूरा ध्यान नेशंस कप पर है और इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने पर केंद्रित है।”

मारिन ने कहा कि ऐसे टूर्नामेंटों में हर पल महत्वपूर्ण होता है और अनुशासन तथा टीम एकजुटता सफलता की कुंजी है।

उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य सिर्फ परिणाम नहीं बल्कि भविष्य के लिए मजबूत नींव तैयार करना भी है। खिलाड़ियों में देश के लिए अच्छा प्रदर्शन करने की पूरी प्रेरणा है।”

भारत के पूल चरण मुकाबले (भारतीय समयानुसार):

15 जून: भारत बनाम अमेरिका – सुबह 4:15 बजे

16 जून: भारत बनाम जापान – सुबह 6:30 बजे

18 जून: भारत बनाम उरुग्वे – सुबह 4:15 बजे

भाषा आनन्द पंत

पंत