भारतीय महिला टीम सैफ सेमीफाइनल में भूटान के खिलाफ होगी प्रबल दावेदार
भारतीय महिला टीम सैफ सेमीफाइनल में भूटान के खिलाफ होगी प्रबल दावेदार
मडगांव, दो जून (भाषा) पांच बार की चैंपियन भारतीय टीम बुधवार को यहां सैफ महिला चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में भूटान के खिलाफ प्रबल दावेदार के तौर पर शुरुआत करेगी और ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन के बाद उसकी निगाहें खिताबी मुकाबले में जगह बनाने पर लगी होंगी।
भारतीय टीम दो मैच में छह अंक से ग्रुप बी में शीर्ष पर रही जिसमें उसने मालदीव पर 11-0 की जीत के साथ अपना अभियान शुरू किया और फिर गत चैंपियन बांग्लादेश के खिलाफ 3-0 से आत्मविश्वास बढ़ाने वाली जीत दर्ज की।
बांग्लादेश के खिलाफ भारत के शानदार प्रदर्शन ने उनके खिताब जीतने की संभावना को और मजबूत कर दिया जिसमें प्यारी खाखा, लिंडा कोम सेर्टो और मालविका पी ने गोल करके पड़ोसी देश का प्रतियोगिता में हालिया कब्जा खत्म कर दिया।
इस जीत ने यह पक्का कर दिया कि भारत ग्रुप विजेता रहे जिससे उसका ग्रुप ए की उप विजेता भूटान के साथ सेमीफाइनल मुकाबला तय हो गया।
भूटान ने अपने पहले मैच में 0-1 से हारने से पहले ग्रुप विजेता नेपाल को हराया।
उनका अनुशासित डिफेंस और मजबूत प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ मुकाबला करने की काबिलियत उन्हें मेजबानों के लिए मुश्किल बना सकती है।
भारत अपनी आक्रामक गहराई पर भरोसा करेगा जिसने पहले ही दो मैच में 14 गोल किए हैं।
दिन में पहले सेमीफाइनल में पारंपरिक बड़ी टीमें नेपाल और बांग्लादेश आमने-सामने होंगी। ऐसे में भारत किसी भी गलती से बचना चाहेगा और 2019 में जीता अपना खिताब वापस पाने के एक कदम और करीब पहुंचना चाहेगा।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द

Facebook


