उलानबटोर (मंगोलिया), 14 मार्च (भाषा) भारत के पुरुष और महिला मुक्केबाजों का पहला दल एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप से पहले कड़ी ट्रेनिंग शिविर के लिए मंगोलिया पहुंच गया है।
यह चैंपियनशिप इसी महीने के अंत में शुरू होगी।
इस दल में प्रीति (54 किग्रा), हर्ष चौधरी (90 किग्रा), जदुमणि सिंह (55 किग्रा), सचिन (60 किग्रा), दीपक (70 किग्रा), अंकुशिता बोरो (65 किग्रा), अरुंधति चौधरी (70 किग्रा), जैस्मिन (57 किग्रा) और निकहत जरीन (51 किग्रा) शामिल हैं।
इनके साथ सहयोगी स्टाफ के सदस्य भी गए हैं। अब ये खिलाड़ी 28 मार्च से 11 अप्रैल तक होने वाली एशियाई चैंपियनशिप से पहले वहां के माहौल के अनुसार खुद को ढालने की तैयारी शुरू करेंगे।
यह दल दूसरे देशों के मुक्केबाजों के साथ भी अभ्यास करेगा। इस अहम टूर्नामेंट के विजेताओं को इस साल होने वाले एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेलों के लिए सीधे क्वालीफिकेशन मिलेगा।
खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ का दूसरा दल 15 मार्च को मंगोलिया के लिए रवाना होगा।
भाषा नमिता
नमिता