लेह में इंडोर निशानेबाजी रेंज का उद्घाटन, लद्दाख में खेल को मिलेगा बढ़ावा
लेह में इंडोर निशानेबाजी रेंज का उद्घाटन, लद्दाख में खेल को मिलेगा बढ़ावा
नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) लद्दाख में निशानेबाजी को बढ़ावा देने, खेल तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराने और केंद्र शासित प्रदेश में प्रतिभाओं की पहचान करने के उद्देश्य से लेह में सालभर संचालित होने वाली इंडोर निशानेबाजी रेंज का उद्घाटन किया गया।
‘इंसुलेटेड’ (सर्दियों में गर्म रखना) सुविधा से युक्त इस रेंज में एयर राइफल और एयर पिस्टल निशानेबाजी की व्यवस्था है। इसे लद्दाख निशानेबाजी संघ (एलएसए) ने लद्दाख पुलिस के सहयोग से पुलिस के नवनिर्मित खेल परिसर में स्थापित किया है।
यह रेंज विद्यार्थियों, आम लोगों और पुलिसकर्मियों के लिए खुली रहेगी। इससे निशानेबाज क्षेत्र की चुनौतीपूर्ण मौसम परिस्थितियों के बावजूद पूरे साल स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण ले सकेंगे।
भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) के अध्यक्ष कलिकेश सिंह देव ने कहा कि यह सुविधा लद्दाख में निशानेबाजी को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में मदद करेगी और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रतिस्पर्धी निशानेबाजी में आगे बढ़ने का मार्ग प्रदान करेगी।
देव ने कहा, ‘‘लद्दाख की अपनी विशिष्ट भौगोलिक और जलवायु संबंधी चुनौतियां हैं और इस तरह की सालभर उपलब्ध सुविधा महत्वपूर्ण बदलाव ला सकती है।’’
उन्होंने क्षेत्र में निशानेबाजी के विकास की दिशा में किए गए प्रयासों के लिए केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन, लद्दाख पुलिस और एलएसए का आभार जताया।
एलएसए और लद्दाख पुलिस इस सुविधा के संचालन की निगरानी करेंगे तथा प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए इसके उपयोग की व्यवस्था करेंगे।
इस पहल से लेह के उभरते निशानेबाजों को बुनियादी प्रशिक्षण सुविधाओं के लिए केंद्र शासित प्रदेश से बाहर जाने की जरूरत कम होने की उम्मीद है।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता

Facebook


