एएफसी महिला चैंपियंस लीग में ईस्ट बंगाल एफसी ग्रुप बी में

एएफसी महिला चैंपियंस लीग में ईस्ट बंगाल एफसी ग्रुप बी में

एएफसी महिला चैंपियंस लीग में ईस्ट बंगाल एफसी ग्रुप बी में
Modified Date: September 3, 2026 / 02:26 pm IST
Published Date: September 3, 2026 2:26 pm IST

नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) ईस्ट बंगाल एफसी को एएफसी महिला चैंपियंस लीग फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए ह्वाचियोन केएसपीओ डब्ल्यूएफसी (दक्षिण कोरिया), हो ची मिन्ह सिटी डब्ल्यूएफसी (वियतनाम) और 4.25 एससी (उत्तर कोरिया) के साथ ग्रुप बी में रखा गया है। ड्रॉ गुरुवार को कुआलालंपुर में डाले गए।

कोलकाता एक से सात नवंबर, 2026 तक ग्रुप बी की मेजबानी करेगा। यह पहला अवसर होगा जबकि भारत में एएफसी महिला चैंपियंस लीग के मैच खेले जाएंगे।

ईस्ट बंगाल ने मलेशिया के कोटा किनाबालू में टूर्नामेंट के प्रारंभिक चरण के ग्रुप ए में शीर्ष स्थान हासिल करने के बाद लगातार दूसरे वर्ष मुख्य चरण में अपनी जगह पक्की की थी। उसने सबा एफए (मलेशिया), रोवर्स एफसी (गुआम) और राजशाही स्टार्स एफसी (बांग्लादेश) को पीछे छोड़ा था।

एएफसी महिला चैंपियंस लीग में 12 टीम को चार-चार टीमों के तीन ग्रुप में बांटा गया है। इसमें से तीन ग्रुप विजेता, तीन उपविजेता और तीसरे स्थान पर रहने वाली दो सर्वश्रेष्ठ टीम नॉकआउट चरण में प्रवेश करेंगी।

भाषा पंत

पंत


लेखक के बारे में