आयरलैंड ने टी20 चैम्पियन भारत को श्रृंखला में 2 . 0 से हराकर इतिहास रचा

Ads

आयरलैंड ने टी20 चैम्पियन भारत को श्रृंखला में 2 . 0 से हराकर इतिहास रचा

  •  
  • Publish Date - June 28, 2026 / 11:00 PM IST,
    Updated On - June 28, 2026 / 11:00 PM IST

बेलफास्ट, 28 जून (भाषा) राजस्थान के टोंक के साफ्टवेयर इंजीनियर जय मूंदड़ा ने आईपीएल सितारों से भरे भारत के बल्लेबाजी क्रम की नींच हिला दी और आयरलैंड ने करिश्माई प्रदर्शन करते हुए टी20 विश्व चैम्पियन भारत को रविवार को दूसरे वनडे में एक रन से हराकर श्रृंखला 2 . 0 से अपने नाम करके इतिहास रच डाला ।

वनडे विश्व कप 2011 में इंग्लैंड पर मिली जीत के बाद आयरलैंड के क्रिकेट इतिहास का यह सबसे बड़ा पल है । भारत जैसी मजबूत टीम को हराने से इस टीम का आत्मविश्वास अब सातवें आसमान पर होगा ।

भारतीय पासपोर्ट धारक मूंदड़ा ने चार ओवर में 32 रन देकर तीन विकेट लिये । उन्होंने संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा को खाता भी नहीं खोलने दिया और भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर का भी विकेट चटकाया ।

जीत के लिये 155 रन के जवाब में भारत नौ विकेट पर 153 रन ही बना सका । आखिरी ओवरों में हर्षित राणा ने दस गेंद में 21 रन बनाकर पूरी कोशिश की लेकिन आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट हो गए।

इस हार के साथ ही भारत का टी20 क्रिकेट में लगातार 16 श्रृंखलायें जीतने के अभियान पर भी विराम लग गया । भारत 2023 के मध्य से टी20 श्रृंखला नहीं हारा है ।

एक बार 19 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद बने दबाव से भारतीय टीम उबर ही नहीं सकी । तिलक वर्मा (46 गेंद में 55 रन) को छोड़कर कोई भारतीय बल्लेबाज नहीं टिक सका । इंपैक्ट खिलाड़ी के नियम के साथ भारतीय पिचों पर बड़ी पारियां खेलकर वाहवाही लूटने वाले भारतीय बल्लेबाजों की कलई स्विंग और सीम लेती पिच पर खुल गई ।

सैमसन लगातार दूसरी बार मूंदड़ा की गेंद पर शून्य पर आउट हो गए । तीन गेंद बाद अभिषेक भी मैट होलार्ड को कैच दे बैठे । श्रेयस दोनों मैचों में कमजोर दिखे जो नये कप्तान के लिये अच्छा संकेत नहीं है । ईशान किशन 12 रन बनाकर रन आउट हो गए । भारत के चार विकेट 35 रन पर निकल चुके थे जिसके बाद वापसी की राह मुश्किल थी ।

इससे पहले पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे प्रिंस यादव के तीन विकेट और शिवम दुबे के एक ओवर में दो विकेट की मदद से भारत ने आयरलैंड को आठ विकेट पर 154 रन पर रोक दिया ।

जब हैरी टेक्टर (47 गेंद में 53 रन ) और खतरनाक बेन कैलिट्ज (23 गेंद में 37 रन ) चौथे विकेट की साझेदारी में 65 रन जोडकर बड़े स्कोर की ओर बढ रहे थे, तभी दुबे ने लगातार दो गेंदों पर विकेट चटकाये । इससे आयरलैंड टीम अपेक्षित स्कोर नहीं बना सकी । दुबे ने तीन ओवर में 25 रन देकर दो विकेट चटकाये ।

अर्शदीप सिंह और यादव ने उनका बखूबी साथ दिया । दुबे ने पहले बेन को डीप में लपकवाया और फिर जेरेथ डेलानी को आफ कटर पर बोल्ड कर दिया । अपना सौवां मैच खेल रहे टेक्टर ने टी20 क्रिकेट में नौवां अर्धशतक जमाया लेकिन तेजी से रन नहीं बना सके ।

अक्षर पटेल ने चार ओवर में 28 रन दिये हालांकि उन्हें विकेट नहीं मिला ।

शुरूआत पहले मैच की तरह ही हुई जब भारत ने 50 रन के भीतर तीन विकेट चटका दिये थे लेकिन बीच के ओवरों का मेजबान बल्लेबाजों ने पूरा सदुपयोग किया ।

रोस एडेयर के आउट होने के बाद आये बेन ने खुलकर बल्लेबाजी की । इससे पहले आयरलैंड के तीन विकेट 48 रन पर गिर गए थे ।

पहला मैच खेल रहे सूर्यांश शेडगे ने एक ओवर में 22 रन दे डाले । हर्षित राणा ने तीन ओवर में 17 रन देकर एक विकेट लिया । उन्होंने हैरी के भाई टिम टेक्टर का विकेट अपनी झोली में डाला ।

एडेयर ने अर्शदीप की गेंद पर एक्स्ट्रा कवर में तिलक वर्मा को कैच थमाया । अर्शदीप ने चार ओवर में 35 रन देकर दो विकेट लिये ।

अफगानिस्तान के खिलाफ हाल ही में वनडे क्रिकेट में पदार्पण करने वाले यादव ने चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट चटकाये । उन्होंने पिछले मैच के नायक लोरकान टकर को विकेट के पीछे ईशान किशन के हाथों लपकवाया ।

भाषा

मोना

मोना