ओमान के खिलाफ मैच से पहले कप्तान स्टर्लिंग के बाहर होने से आयरलैंड को झटका

Ads

ओमान के खिलाफ मैच से पहले कप्तान स्टर्लिंग के बाहर होने से आयरलैंड को झटका

  •  
  • Publish Date - February 13, 2026 / 05:59 PM IST,
    Updated On - February 13, 2026 / 05:59 PM IST

कोलंबो, 13 फरवरी (भाषा) दो हार और कप्तान पॉल स्टर्लिंग के घुटने की चोट के कारण बाहर होने के बाद आयरलैंड की टीम शनिवार को यहां ओमान के खिलाफ होने वाले टी20 विश्व कप ग्रुप बी मैच में जीत हासिल करके सुपर आठ की धूमिल होती उम्मीदों को जीवंत रखना चाहेगा।

दोनों टीमों ने अब तक अपने दोनों मैच में हार का सामना किया है और वे टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज करने के लिए बेताब होंगी।

आयरलैंड को सह-मेजबान श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया से क्रमशः 20 और 67 रन से हार का सामना करना पड़ा, वहीं ओमान को जिम्बाब्वे ने आठ विकेट से और श्रीलंका ने 105 रन से करारी शिकस्त दी।

आयरलैंड की टीम स्टर्लिंग से प्रेरणा लेने की उम्मीद कर रही थी, लेकिन ओमान मैच से पहले दाहिने घुटने में चोट के कारण वह टी20 विश्व कप के बाकी मैच से बाहर हो गए।

स्टर्लिंग को आस्ट्रेलिया के खिलाफ बुधवार को हुए मैच में एक कैच लेते हुए दाहिने घुटने में चोट लगी थी । इसके बाद बल्लेबाजी करते हुए तेजी से एक रन लेने के प्रयास में वह चोट और गंभीर हो गई ।

इस झटके के बावजूद आयरलैंड की टीम ओमान के खिलाफ जीत के दावेदार के रूप में शुरुआत करेगी। ओमान की टीम में अधिकतर भारतीय और पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ी शामिल हैं।

आयरलैंड को अच्छी तरह पता है कि टूर्नामेंट में बने रहने की अपनी धुंधली उम्मीद को बरकरार रखने के लिए उसे बड़ी जीत हासिल करनी होगी, जबकि ओमान दो करारी हार के बाद अपनी काबिलियत साबित करने की कोशिश करेगा।

आयरलैंड की बल्लेबाजी कमजोर रही है और स्टर्लिंग भी बाहर हो गए हैं तो बल्लेबाजी विभाग को मजबूत करने के लिए रॉस एडायर, हैरी टेक्टर, लोरकान टकर और कर्टिस कैम्फर जैसे खिलाड़ियों को अपनी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने की जरूरत है।

बाएं हाथ के स्पिनर जॉर्ज डॉकरेल अब तक टूर्नामेंट में आयरलैंड के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने किफायती गेंदबाजी करने के अलावा विकेट भी लिए हैं लेकिन उन्हें तेज गेंदबाज मार्क एडायर और बैरी मैकार्थी तथा और स्पिनर मैथ्यू हम्फ्रीज और गैरेथ डेलानी जैसे गेंदबाजों से सहयोग की जरूरत है।

दूसरी ओर ओमान के पास खोने के लिए कुछ भी नहीं है लेकिन आयरलैंड के खिलाफ जीत हासिल करना उसके लिए बड़ी उपलब्धि होगी। इन दोनों टीमों के बीच अभी तक पांच मैच खेले गए हैं जिनमें आयरलैंड ने चार बार जीत हासिल की है, जबकि ओमान ने अक्टूबर 2019 में एक जीत दर्ज की थी।

ओमान भी बल्लेबाजी में संघर्ष कर रहा है। उसने जिम्बाब्वे और श्रीलंका के खिलाफ क्रमशः 103 और नौ विकेट पर 120 रन बनाए।

ओमान को जतिंदर सिंह, आमिर कलीम, हम्माद मिर्जा और बड़े शॉट लगाने वाले विनायक शुक्ला जैसे बल्लेबाजों से दमदार प्रदर्शन करने की जरूरत है।

मोहम्मद नदीम ने श्रीलंका के खिलाफ अकेले ही संघर्ष किया और अर्धशतक बनाया। ओमान को अगर आयरलैंड को हराना है तो उसके बल्लेबाजों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

टीम इस प्रकार हैं:

आयरलैंड: सैम टॉपिंग, मार्क एडायर, रॉस एडायर, बेन कैलिट्ज़, कर्टिस कैम्फर, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, मैथ्यू हम्फ्रीज़, जोश लिटिल, बैरी मैकार्थी, हैरी टेक्टर, टिम टेक्टर, लोरकान टकर (विकेटकीपर), बेन व्हाइट, क्रेग यंग।

ओमान: जतिंदर सिंह (कप्तान), आमिर कलीम, हम्माद मिर्जा, वसीम अली, करण सोनावाले, जितेन रामानंदी, विनायक शुक्ला (विकेटकीपर), सुफियान महमूद, नदीम खान, शाह फैसल, शकील अहमद, मोहम्मद नदीम, जय ओडेदरा, आशीष ओडेदरा, शफीक जान।

मैच सुबह 11 बजे शुरू होगा।

भाषा पंत नमिता मोना

मोना