इशान और हार्दिक के अर्धशतक, भारत ने नामीबिया को 210 रन का लक्ष्य दिया

Ads

इशान और हार्दिक के अर्धशतक, भारत ने नामीबिया को 210 रन का लक्ष्य दिया

  •  
  • Publish Date - February 12, 2026 / 08:52 PM IST,
    Updated On - February 12, 2026 / 08:52 PM IST

नयी दिल्ली, 12 फरवरी (भाषा) सलामी बल्लेबाज इशान किशन और हार्दिक पंड्या के तूफानी अर्धशतक से भारत ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मैच में बृहस्पतिवार को यहां नामीबिया के खिलाफ नौ विकेट पर 210 रन बनाए।

इशान ने 24 गेंद में पांच छक्कों और छह चौकों से 61 रन की पारी खेली जबकि पंड्या ने 28 गेंद में चार छक्कों और इतने ही चौकों से 52 रन बनाए।

इशान ने तिलक वर्मा (25) के साथ दूसरे विकेट के लिए 31 गेंद में 79 रन जोड़कर भारत को तेज शुरुआत दिलाई जबकि पंड्या ने शिवम दुबे (23) के साथ 39 गेंद में 81 रन की साझेदारी करके अंतिम ओवरों में रन गति में इजाफा किया।

कप्तान गेरहार्ड इरास्मस (चार ओवर में 20 रन पर चार विकेट) और बर्नार्ड स्कोल्ट्ज (चार ओवर में 41 रन पर एक विकेट) की स्पिन जोड़ी ने बीच के ओवरों में सधी हुई गेंदबाजी करके रन गति पर अंकुश लगाया।

भारत ने सात ओवर में एक विकेट पर 104 बना लिए थे लेकिन अंतिम 13 ओवर में टीम 105 रन ही जोड़ सकी।

इरास्मस ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया जिसके बाद संजू सैमसन (22) ने रूबेन ट्रंपलमैन (बिना विकेट के 38 रन) पर छक्के से खाता खोला और फिर बेन शिकोंगो (41 रन पर एक विकेट) की लगातार गेंदों पर दो छक्के और एक चौका लगाया। वह हालांकि शिकोंगो की अगली गेंद को डीप मिडविकेट पर सीधे लॉरेन स्टीनकैंप के हाथों में खेल गए।

इशान ने जेजे स्मिट (50 रन पर एक विकेट) का स्वागत लगातार दो चौकों के साथ किया जबकि शिकोंगो की गेंद को भी बाउंड्री के दर्शन कराए। तिलक वर्मा ने भी ट्रंपलमैन पर दो चौके मारे।

इशान ने छठे ओवर में स्मिट की लगातार गेंदों पर चार छक्के और एक चौके से 20 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। भारत ने पावर प्ले में एक विकेट पर 86 रन बनाए।

तिलक हालांकि 19 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब मैक्स हेइंगो की गेंद पर बैकवर्ड प्वाइंट पर स्टीनकैंप ने उनका कैच टपका दिया।

इशान ने हेइंगो की लगातार गेंदों पर छक्के और चौके के साथ 6.5 ओवर में भारत के रनों का शतक पूरा किया जो पुरुष टी20 विश्व कप में किसी भी टीम का सबसे तेज शतक है।

ऑफ स्पिनर इरास्मस ने पहली ही गेंद पर इशान को डीप मिडविकेट पर शिकोंगो के हाथों कैच कराके नामीबिया को बड़ी सफलता दिलाई। इशान ने 24 गेंद का सामना करते हुए छह चौके और पांच छक्के मारे।

कप्तान सूर्यकुमार यादव भी 13 गेंद में 12 रन बनाने के बाद बाएं हाथ के स्पिनर बर्नार्ड स्कोल्ट्ज की गेंद पर विकेटकीपर जेन ग्रीन के हाथों स्टंप हो गए।

तिलक भी इसके बाद इरास्मस की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लॉन्ग ऑफ पर स्मिट के हाथों लपके गए जिससे 12वें ओवर में भारत का स्कोर चार विकेट पर 124 रन हो गया।

दुबे और पंड्या ने 15वें ओवर में स्कोल्ट्ज पर एक-एक छक्के के साथ टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया।

हार्दिक ने शिकोंगो की लगातार गेंदों पर छक्का और दो चौके मारे। उन्होंने 19वें ओवर में इरास्मस पर छक्के के साथ 27 गेंद में अर्धशतक और टीम के 200 रन पूरे किए। वह हालांकि अगली गेंद पर डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर कैच देकर पवेलियन लौट गए।

दुबे अगली गेंद पर रन आउट हुए जबकि इरास्मस ने इसी ओवर में अक्षर पटेल (00) को भी बोल्ड किया।

रिंकू सिंह भी एक रन बनाकर स्मिट का शिकार हुए जबकि अर्शदीप सिंह (02) अंतिम गेंद पर रन आउट हुए।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता