आईएसएसएफ विश्व कप: निंगबो में भारत का पहले फाइनल का इंतजार जारी
आईएसएसएफ विश्व कप: निंगबो में भारत का पहले फाइनल का इंतजार जारी
निंगबो (चीन), 11 सितंबर (भाषा) भारतीय निशानेबाजों का आईएसएसएफ विश्व कप में निराशाजनक अभियान बृहस्पतिवार को भी जारी रहा जब दिव्यांश सिंह पंवार, उमामहेश मदीनेनी और राही सरनाबोत जैसे निशानेबाज क्वालीफिकेशन में ही बाहर हो गए।
इटली के डैनिलो सोलाजो ने राइफल और पिस्टल विश्व कप के तीसरे दिन पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल फाइनल का विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया, उन्होंने पुरुषों की एयर राइफल फाइनल में 255.0 का स्कोर बनाते हुए घरेलू प्रबल दावेदार और मौजूदा ओलंपिक चैंपियन शेंग लिहाओ को पछाड़ा जिनका रिकॉर्ड उन्होंने तोड़ा। लिहाओ ने रजत पदक जीता।
डैनिलो ने चीन के निशानेबाज का रिकॉर्ड 0.5 अंक से तोड़ा। शेंग ने फाइनल में 253.5 अंक बनाए जबकि कोरियाई पार्क हैजुन ने कांस्य पदक जीता।
भारत के पूर्व नंबर एक निशानेबाज दिव्यांश ने क्वालीफिकेशन में 630.0 अंक बनाकर 19वां स्थान हासिल किया।
अन्य भारतीय निशानेबाजों में उमामहेश 627.7 अंक के साथ 39वें स्थान पर रहे जबकि नीरज कुमार 626.1 अंक के साथ 54वें स्थान पर रहे।
महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में भारत की अभिदन्या अशोक पाटिल ने क्वालीफिकेशन में 583 अंक हासिल किए और 11वें स्थान पर रहीं।
दिव्या टीएस 581 अंक के साथ 16वें स्थान पर रहीं जबकि ओलंपियन और पूर्व एशियाई खेलों की चैंपियन सरनोबत उनसे एक स्थान पीछे रहीं।
चीन दो स्वर्ण पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर है, उसके बाद नॉर्वे, इटली और कोरिया मौजूद हैं।
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर

Facebook


