नयी दिल्ली, 19 अप्रैल (भाषा) पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने रविवार को कहा कि चेन्नई सुपरकिंग्स पर मिली जीत सनराइजर्स हैदराबाद के लिए ‘टर्निंग प्वाइंट’ (चीजें बदलने वाला मौका) साबित हो सकती है जिससे वे आईपीएल तालिका में शीर्ष चार में पहुंच सकते हैं।
सनराइजर्स ने लगातार दो जीत हासिल की हैं जिसमें शनिवार को चेपक में सुपरकिंग्स पर 10 रन की जीत भी शामिल है।
सुपरकिंग्स के खिलाफ जीत के बारे में बात करते हुए स्टेन ने कहा, ‘‘सुपरकिंग्स के खिलाफ सनराइजर्स की यह जीत दिखाती है कि सत्र की धीमी शुरुआत के बाद वे अपनी बेहतरीन फॉर्म में वापस आ गए हैं।’’
अभिषेक शर्मा और हेनरिक क्लासेन ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स को नौ विकेट पर 194 रन के स्कोर तक पहुंचाया और फिर विरोधी टीम को आठ विकेट पर 184 रन पर रोककर जीत दर्ज की। इशान मलिंगा ने सनराइजर्स की ओर से चार ओवर में 29 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
स्टेन ने कहा, ‘‘पारी के ब्रेक के दौरान मैं हेनरिक क्लासेन से बात कर रहा था और उन्होंने मुझे बताया कि उन्हें लगा कि सनराइजर्स शायद उस स्कोर से 10 या 15 रन पीछे रह गए हैं जहां उन्हें होना चाहिए था। उन्होंने कहा कि जीत हासिल करने के लिए गेंदबाजों को बहुत अधिक मेहनत करनी होगी। और सनराइजर्स ने मैदान पर जाकर ठीक वैसा ही किया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आप देख सकते थे कि उन्होंने क्षेत्ररक्षण में बहुत अधिक मेहनत की। उन्होंने मुश्किल कैच पकड़े। वे अपने लक्ष्य के प्रति पूरी तरह समर्पित थे।’’
दक्षिण अफ्रीका के इस पूर्व स्टार गेंदबाज ने कहा, ‘‘यह उनके लिए एक टर्निंग प्वाइंट साबित हो सकता है जहां से वे अंक तालिका में लगातार ऊपर चढ़ते जाएंगे।’’
भाषा सुधीर पंत
पंत