तेजल, अनुष्का और निकी का शानदार प्रदर्शन, भारत ए ने ऑस्ट्रेलिया ए को चार विकेट से हराया

Ads

तेजल, अनुष्का और निकी का शानदार प्रदर्शन, भारत ए ने ऑस्ट्रेलिया ए को चार विकेट से हराया

  •  
  • Publish Date - September 20, 2026 / 08:49 PM IST,
    Updated On - September 20, 2026 / 08:49 PM IST

मुल्लांपुर, 20 सितंबर (भाषा) तेजल हसबनिस और अनुष्का शर्मा ने आक्रामक अर्धशतक जबकि निकी प्रसाद के हरफनमौला खेल की बदौलत भारत ए ने रविवार को यहां खेले गए पहले महिला वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया ए को चार विकेट से हरा दिया।

इस जीत के साथ भारत ने तीन मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। यह जीत मेजबान टीम के लिए राहत लेकर आई क्योंकि इससे पहले उसे टी20 सीरीज में 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था।

हसबनिस ने 82 गेंद में 81 रन की शानदार पारी खेली जिसमें पांच चौके और छह छक्के जड़े थे। उन्होंने उभरती हुई खिलाड़ी अनुष्का (55 रन, 61 गेंद, छह चौके, एक छक्का) के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 126 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की।

इस साझेदारी की बदौलत भारत ने 236 रन के लक्ष्य को 41.1 ओवर में हासिल कर लिया।

हालांकि लक्ष्य का पीछा करते हुए मेजबान टीम की शुरुआत अच्छी नहीं हुई और 9.1 ओवर में उसका स्कोर तीन विकेट पर 46 रन था।

टीम ने सलामी बल्लेबाज तनीषा सिंह, प्रिया पूनिया और कप्तान यास्तिका भाटिया के विकेट गंवा दिए।

लेकिन हसबनीस और अनुष्का ने 21 ओवर तक ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का डटकर सामना किया और पांच रन प्रति ओवर से ज्यादा की रफ्तार से रन बनाकर भारत को सुरक्षित स्थिति में पहुंचाया।

फिर 33.2 ओवर में भारत का स्कोर पांच विकेट पर 195 रन था और जीत बिल्कुल करीब थी। अनुष्का के आउट होने के बाद निकी (नाबाद 32 रन) और सयाली सतघरे (25) ने छठे विकेट के लिए 40 रन जोड़कर भारत को जीत दिलाई।

इससे पहले सलामी बल्लेबाज रेचल ट्रेनामन (36) और कप्तान तहलिया विल्सन (48) के बीच 81 रन की साझेदारी के बाद ऑस्ट्रेलिया को लय बनाने में संघर्ष करना पड़ा।

युवा भारतीय स्पिनर निकी (28 रन देकर तीन विकेट) और वैष्णवी शर्मा (40 रन देकर तीन विकेट) ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को रोके रखा जिससे टीम 46.3 ओवर में 235 रन पर सिमट गई।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द