रायपुर, 12 मई (भाषा) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के गेंदबाजी कोच ओंकार साल्वी ने इंडियन प्रीमियर लीग में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच से पहले मंगलवार को टी20 प्रारूप में सामंजस्य बैठाने की क्षमता और फैसले लेने की अहमियत पर जोर दिया।
गत चैंपियन आरसीबी मौजूदा सत्र में 11 में से सात मैच जीतकर अंक तालिका में शीर्ष पर है। तेज गेंदबाजी में टीम की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने शानदार प्रदर्शन किया है।
साल्वी ने कहा, ‘‘हमारे पास इस प्रारूप के लिए जरूरी सभी तरह के कौशल वाले खिलाड़ी हैं लेकिन सबसे जरूरी बात मानसिक पहलू है। इस प्रारूप में बहुत सारी अनिश्चितताएं हैं। कभी-कभी पिच या हालात अनुकूल नहीं होते इसलिए एक गेंदबाज के तौर पर आप फैसले लेने में कैसे तेज हो सकते हैं इसी बारे में सारी बातें होती हैं और हम उसी तरह तैयारी करते हैं।’’
इस सत्र में अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग तरह की पिचें देखने को मिल रही हैं इसलिए साल्वी ने सामंजस्य बैठाने की क्षमता पर जोर दिया।
मुंबई इंडियन्स के खिलाफ मिली करीबी जीत पर साल्वी ने कहा कि ऐसी जीत से टीम का माहौल और समूह के अंदर भरोसा मजबूत होता है। साल्वी ने युवा तेज गेंदबाज रसिख सलाम की भी तारीफ की जिन्होंने अनुभव और सीख के जरिए प्रगति की है।
साल्वी ने कहा, ‘‘रसिख ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने अपने अनुभवों और गलतियों से सीखा है। उन्हें पिछली टीमों से कुछ मुश्किलें भी आईं और उनसे कुछ सीखा भी और इन सभी चीजों ने उसे एक गेंदबाज के तौर पर बेहतर बनने में मदद की।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वह सीखने के लिए उत्सुक रहता है और पूरे सत्र में उसने अपने कौशल पर काम किया है।’’
भाषा सुधीर मोना
मोना