जम्मू-कश्मीर ने अधिकतम केंद्रीय सहायता के लिए पांच साल का महत्वाकांक्षी खाका तैयार किया

Ads

जम्मू-कश्मीर ने अधिकतम केंद्रीय सहायता के लिए पांच साल का महत्वाकांक्षी खाका तैयार किया

  •  
  • Publish Date - August 31, 2026 / 09:45 PM IST,
    Updated On - August 31, 2026 / 09:45 PM IST

श्रीनगर, 31 अगस्त (भाषा) जम्मू-कश्मीर ने खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत केंद्रीय सहायता का अधिकतम लाभ उठाने के लिए पांच साल का महत्वाकांक्षी खाका तैयार किया है। केंद्र शासित प्रदेश का लक्ष्य 2026-2031 की अवधि में खेल बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की केंद्रीय सहायता हासिल करना है।

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, प्रतिभाओं को निखारने और पूरे केंद्र शासित प्रदेश में व्यापक खेल पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने के लिए 2026 से 2031 तक एक हजार करोड़ से एक हजार दो सौ करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता हासिल करने का पांच वर्षीय खाका तैयार किया गया है।

प्रवक्ता ने बताया कि यह खाका सोमवार को मुख्य सचिव अटल डुल्लू की अध्यक्षता में हुई केंद्र शासित प्रदेश स्तरीय समन्वय समिति (यूटीएलसीसी) की पहली बैठक में पेश किया गया।

डुल्लू ने जम्मू-कश्मीर में उच्च गुणवत्ता वाले खेल बुनियादी ढांचे और सुविधाओं के निर्माण के लिए राष्ट्रीय कार्यक्रम का लाभ उठाने के लिए जिला केंद्रित दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया।

मुख्य सचिव ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी उपायुक्तों को निर्देश दिया कि वे संशोधित खेलो इंडिया 2026-31 योजना का अधिकतम लाभ उठाते हुए अपने-अपने जिलों में बेहतर खेल बुनियादी ढांचे और सुविधाओं का निर्माण सुनिश्चित करें। उन्होंने मौजूदा परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग पर भी जोर दिया।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द