मुंबई क्षेत्र में मंगलवार से बढ़ेगा टैक्सी, ऑटो-रिक्शा का किराया

Ads

मुंबई क्षेत्र में मंगलवार से बढ़ेगा टैक्सी, ऑटो-रिक्शा का किराया

  •  
  • Publish Date - August 31, 2026 / 10:08 PM IST,
    Updated On - August 31, 2026 / 10:08 PM IST

मुंबई, 31 अगस्त (भाषा) मुंबई महानगर क्षेत्र में तिपहिया (ऑटो-रिक्शा) का न्यूनतम किराया एक रुपये बढ़कर 27 रुपये और काली-पीले रंग वाली टैक्सी का न्यूनतम किराया दो रुपये बढ़कर 33 रुपये हो जाएगा। संशोधित किराया एक सितंबर से लागू होगा। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मुंबई महानगर क्षेत्र परिवहन प्राधिकरण (एमएमआरटीए) ने ऑटो-रिक्शा और काली-पीले रंग वाली टैक्सी के किराये में क्रमश: एक और दो रुपये की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है।

क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के एक अधिकारी के अनुसार, टैक्सी का किराया 20.66 रुपये प्रति किलोमीटर से बढ़कर 21.90 रुपये प्रति किलोमीटर और ऑटो-रिक्शा का किराया 17.14 रुपये से बढ़कर 18.22 रुपये प्रति किलोमीटर हो जाएगा।

ऑटो-रिक्शा का न्यूनतम किराया 26 रुपये से बढ़कर 27 रुपये हो जाएगा, जबकि टैक्सी में शुरुआती 1.5 किलोमीटर का किराया 31 रुपये से बढ़कर 33 रुपये होगा।

आरटीओ अधिकारी ने कहा कि टैक्सी और ऑटो-रिक्शा चालक अपने इलेक्ट्रॉनिक किराया मीटर को संशोधित दरों के अनुसार समायोजित कराने के बाद या आरटीओ द्वारा मंजूर किराया तालिका प्रदर्शित करके नया किराया ले सकेंगे।

भाषा योगेश अजय

अजय