जोन्स की 71 रन की पारी से स्कॉटलैंड ने सात विकेट पर 170 रन बनाये

Ads

जोन्स की 71 रन की पारी से स्कॉटलैंड ने सात विकेट पर 170 रन बनाये

  •  
  • Publish Date - February 17, 2026 / 09:06 PM IST,
    Updated On - February 17, 2026 / 09:06 PM IST

मुंबई, 17 फरवरी (भाषा) माइकल जोन्स की 71 रन की तेजतर्रार पारी की बदौलत स्कॉटलैंड ने मंगलवार को यहां नेपाल के खिलाफ टी20 विश्व कप के ग्रुप सी मुकाबले में सात विकेट पर 170 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।

दोनों ही टीमें सुपर आठ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी है और इस ग्रुप से वेस्टइंडीज तथा इंग्लैंड ने अगले चरण में जगह बनाई।

जोन्स के अलावा स्कॉटलैंड के अन्य बल्लेबाज अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके, लेकिन सपाट पिच पर टीम ने चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

जोन्स ने 45 गेंद में आठ चौकों और तीन छक्कों की पारी के दौरान जॉर्ज मुन्सी के साथ पहले विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी कर टीम की मजबूत नींव रखी।

दाएं हाथ के जोन्स ने नियमित अंतराल पर बाउंड्री बटोरे वहीं मुन्से 29 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 27 रन ही बना सके ।

मुन्सी पारी के 10वें ओवर में रोहित पौडेल की गेंद पर संदीप जोरा को कैच देकर आउट हुए।

नेपाल को 14वें ओवर की पहली गेंद पर एक और विकेट मिलने का मौका मिला, जब ब्रैंडन  मैकमुलेन ने नंदन यादव की गेंद पर ऊंचा शॉट खेला लेकिन जोरा ने आसान कैच टपका दिया।

जोन्स ने इसके बाद भी बड़े शॉट्स की झड़ी जारी रखी और 94 मीटर लंबा छक्का सीधे ड्रेसिंग रूम की बालकनी में जमा दिया, जहां उनके साथी खिलाड़ी टॉम ब्रूस ने गेंद थाम ली।

सोमपाल कामी ने 16वें ओवर में जोन्स को बोल्ड कर उनकी शानदार पारी पर विराम लगाई। उन्होंने इसी ओवर में मैकमुलेन (25) का एक हाथ से शानदार रिटर्न कैच भी लपका।

जोन्स के आउट होते ही स्कॉटलैंड की पारी की रफ्तार थम गई। कामी ने 25 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि यादव ने 34 रन देकर दो विकेट झटके।

भाषा आनन्द

आनन्द