भारतीय बल्लेबाजों ने स्पिन के खिलाफ किया अभ्यास, अभिषेक ने बहाया पसीना

Ads

भारतीय बल्लेबाजों ने स्पिन के खिलाफ किया अभ्यास, अभिषेक ने बहाया पसीना

  •  
  • Publish Date - February 17, 2026 / 09:19 PM IST,
    Updated On - February 17, 2026 / 09:19 PM IST

(तस्वीरों के साथ) … भरत शर्मा…

अहमदाबाद, 17 फरवरी (भाषा) नीदरलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप मुकाबले की पूर्व संध्या पर भारतीय टीम के नेट सत्र में स्पिन गेंदबाजी का दबदबा देखने को मिला, जबकि अभिषेक शर्मा के गगनचुंबी शॉट इस सत्र की सबसे बड़ी आकर्षण रहे। टूर्नामेंट में अब तक खाता नहीं खोल पाए अभिषेक ने एक घंटे से अधिक समय तक बल्लेबाजी की। आमतौर पर विकेट के सामने दोनों ओर आक्रामक शॉट खेलने वाले अभिषेक ने अपनी ताकत पर भरोसा कायम रखा। उन्होंने नेट गेंदबाजों और वरुण चक्रवर्ती की ऑफ स्पिन के खिलाफ काउ कॉर्नर और डीप कवर क्षेत्र को निशाना बनाया। तेज गेंदबाजों के खिलाफ बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पुल और विकेट के पीछे पिक-अप शॉट का सहारा लिया। तीनों तरह की गेंदबाजी के खिलाफ छक्कों की झड़ी लगी रही। जब लगा कि उनका सत्र समाप्त हो चुका है, तभी अभिषेक कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ दोबारा बल्लेबाजी के लिए लौटे। इसी दौरान कुलदीप यादव गेंदबाजी के लिए आए और अभिषेक ने जरा भी देर किए बिना फुल लेंथ गेंदों को अपने पसंदीदा एक्स्ट्रा कवर क्षेत्र की ओर भेजना शुरू कर दिया। पास के नेट में तिलक वर्मा और रिंकू सिंह जैसे बल्लेबाजों ने भी स्पिनरों के खिलाफ अभ्यास किया। लंबे बल्लेबाजी सत्र के बाद रिंकू ने राउंड-आर्म एक्शन के साथ कुछ ऑफ स्पिन भी डाली, जो नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस की शैली की याद दिला रही थी। इरास्मस ने पिछले सप्ताह दिल्ली में भारत के खिलाफ मुकाबले में अपने अनोखे एक्शन और स्टंप्स के काफी पीछे से गेंद डालकर भारतीय बल्लेबाजों को परेशानी में डाला था। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में भी उस्मान तारीक और साइम आयूब जैसे गेंदबाजों के सामने भारतीय बल्लेबाजी उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी थी। भाषा आनन्द आनन्द