… कुशान सरकार …
नयी दिल्ली, 11 सितंबर (भाषा) भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन शुक्रवार को यहां टीम के नेट सत्र के दौरान पीठ में खिंचाव के कारण असहज नजर आए, जिससे अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 शृंखला से पहले उनकी फिटनेस को लेकर चिंता बढ़ गई है। किशन तेज गेंदबाजों के नेट में बल्लेबाजी कर रहे थे। इसी दौरान नवदीप सैनी ने शरीर को निशाना बनाकर शॉर्ट गेंद डाली। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने उछाल लेती गेंद से बचने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान उनकी पीठ में खिंचाव आ गया। किशन को दर्द से परेशान देखते ही टीम के निवर्तमान फिजियो कमलेश जैन उनकी मदद के लिए पहुंचे। किशन कुछ मिनट तक घुटनों के बल बैठे रहे और फिर धीरे-धीरे नेट से बाहर चले गए। बाद में वह कमर के पिछले हिस्से को पकड़े नजर आए और दोबारा बल्लेबाजी के लिए नहीं लौटे। किशन की चोट कितनी गंभीर है, इसका पता अगले 24 घंटे में पर्याप्त आराम के बाद ही चल सकेगा। दलीप ट्रॉफी फाइनल में शानदार प्रदर्शन के बाद किशन अच्छी लय में नजर आ रहे थे। उन्होंने दक्षिण क्षेत्र के खिलाफ फाइनल में 270 और 80 रन की पारियां खेली थीं। शुक्रवार के अभ्यास सत्र में भी वह शानदार लय में दिखे और स्पिनरों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए कई बार गेंद को मैदान के बाहर पहुंचाया। पीठ में खिंचाव के कारण उनका अभ्यास सत्र समय से पहले ही समाप्त हो गया। भाषा आनन्द आनन्द