एआईएफएफ की एसजीएम चार अक्टूबर को, चुनाव प्रक्रिया होगी शुरू

Ads

एआईएफएफ की एसजीएम चार अक्टूबर को, चुनाव प्रक्रिया होगी शुरू

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 08:38 PM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 08:38 PM IST

नयी दिल्ली, 11 सितंबर (भाषा) अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने अपनी कार्यकारी समिति के चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने के लिए चार अक्टूबर को विशेष आमसभा (एसजीएम) बुलाने का फैसला किया है।

बैठक में चुनाव कराने के लिए निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति के साथ चुनाव कराने संबंधी प्रस्ताव भी पारित किया जाएगा।

महासंघ ने शुक्रवार को अपने स्थायी और सहयोगी सदस्यों को बैठक की सूचना जारी की जिसमें एआईएफएफ के कोलकाता राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र में होने वाली इस बैठक में ‘उत्कृष्ट उपलब्धियों वाले खिलाड़ियों (एसओएम)’ को महासंघ की आमसभा का सदस्य चुने जाने पर भी फैसला होगा।

एआईएफएफ की कार्यकारी समिति की सिफारिश के अनुसार निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति खेल मंत्रालय की ओर से नौ सितंबर को घोषित राष्ट्रीय खेल निर्वाचन पैनल में से की जाएगी।

बैठक के एजेंडे में एआईएफएफ कार्यकारी समिति के चुनाव कराने संबंधी प्रस्ताव भी शामिल है। इसके पारित होने के बाद महासंघ में चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो जाएगा।

यह नोटिस एआईएफएफ अध्यक्ष कल्याण चौबे और कार्यकारी समिति की ओर से महासंघ के संविधान के अनुच्छेद 22.3 के तहत जारी किया गया है।

एसजीएम में पिछली आमसभा बैठकों के कार्यवाही का विवरण की पुष्टि और उन्हें स्वीकार करने पर भी विचार किया जाएगा। इसके अलावा बैठक के मसौदा कार्यवाही का विवरण की जांच के लिए तीन सदस्यों की नियुक्ति की जाएगी।

एआईएफएफ कार्यकारी समिति के सदस्यों को हालांकि इस बैठक में मतदान का अधिकार नहीं होगा। वे बैठक में अपने-अपने सदस्य संघों का प्रतिनिधित्व भी नहीं कर सकेंगे।

भाषा

आनन्द

आनन्द