मार्च 2025 से पद नहीं भर सका बीसीसीआई, सीओई में खेल विज्ञान प्रमुख के लिए आवेदन आमंत्रित

Ads

मार्च 2025 से पद नहीं भर सका बीसीसीआई, सीओई में खेल विज्ञान प्रमुख के लिए आवेदन आमंत्रित

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 06:12 PM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 06:12 PM IST

नयी दिल्ली, 11 सितंबर (भाषा) भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार को अपने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में खेल विज्ञान और चिकित्सा प्रमुख के पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।

यह महत्वपूर्ण पद मार्च 2025 में नितिन पटेल के इस्तीफे के बाद से खाली है और अब तक इसे भरा नहीं जा सका है।

बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया और सीओई प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण सार्वजनिक रूप से इस पद को भरने में आ रही चुनौतियों के बारे में बात कर चुके हैं।

आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 30 सितंबर है।

भारत के पूर्व फिजियो एंड्रयू लीपस इस पद के लिए बीसीसीआई की पहली पसंद थे लेकिन उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए पीछे हटने का फैसला किया।

लक्ष्मण ने पिछले महीने बीसीसीआई सीओई में चुनिंदा मीडिया से कहा था, ‘‘नितिन के जाने के बाद हमें ऐसा कोई व्यक्ति नहीं मिला जो इस पद को संभाल सके। हमारे पास एंड्रयू लीपस थे और सब कुछ तय हो गया था। बल्कि देवजीत सैकिया ने उनके साथ दो-तीन बैठकें भी की थीं, लेकिन अचानक एंड्रयू ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए पीछे हट गए। ’’

खिलाड़ियों की चोटों के प्रबंधन को लेकर हाल के दिनों में सीओई की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं।

लक्ष्मण ने बताया कि इस पद के लिए पूरी चयन प्रक्रिया के तहत साक्षात्कार आयोजित किए गए थे।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने पूरी तरह से साक्षात्कार प्रक्रिया आयोजित की जिसमें डॉ. दिनशॉ पारदीवाला, डॉ. आशीष सोनी, डॉ. रोहन खावते और मैं शामिल थे। हमने पांच उम्मीदवारों की छंटनी की थी और उनमें पहले स्थान पर एक ऑस्ट्रेलियाई उम्मीदवार था। ’’

पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने कहा, ‘‘यह पूर्णकालिक नौकरी है, यह ‘पार्ट-टाइम’ नहीं है। इसमें रोजाना निगरानी करनी होती है। ’’

बीसीसीआई ने एक बयान में कहा कि चयनित उम्मीदवार भारतीय क्रिकेट के एलीट कार्यक्रमों और सीओई की गतिविधियों के लिए बोर्ड की खेल विज्ञान और चिकित्सा सेवाओं को रणनीतिक तथा परिचालन नेतृत्व प्रदान करेगा।

चयनित उम्मीदवार बेंगलुरु स्थित सीओई में वीवीएस लक्ष्मण को रिपोर्ट करेगा।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द