(फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, 11 सितंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ राज्य टेनिस संघ (सीएसटीए) के सचिव गुरचरण सिंह होरा ने शुक्रवार को अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) के आगामी चुनाव में महासचिव पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की।
एआईटीए में फिलहाल अंतरिम संयुक्त सचिव के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे होरा ने कहा कि चुनाव लड़ने का उनका फैसला टेनिस के प्रति आजीवन प्रतिबद्धता और खेल के जमीनी स्तर तथा जूनियर खिलाड़ियों के विकास के ढांचे को और मजबूत करने की इच्छा से प्रेरित है।
मैकेनिकल इंजीनियरिंग में शिक्षित और उद्यमी होरा ने एक बयान में कहा, ‘‘ मैंने एआईटीए के आगामी चुनाव में महासचिव पद के लिए मैदान में उतरने का निर्णय लिया है।’’
सीएसटीए सचिव के तौर पर अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए होरा ने कहा कि उन्होंने रायपुर में टेनिस अकादमी की स्थापना में महत्वपूर्ण योगदान दिया। करीब 25 करोड़ रुपये के निवेश से विकसित इस अकादमी का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
एआईटीए अध्यक्ष पद के लिए टेनिस के दिग्गज लिएंडर पेस और डेविस कप टीम के कप्तान रोहित राजपाल पहले ही अपनी उम्मीदवारी घोषित कर चुके हैं।
एआईटीए की 2024-28 कार्यकारिणी के लिए चुनाव 28 सितंबर 2024 को हुए थे लेकिन राष्ट्रीय खेल विकास संहिता के कथित उल्लंघन को लेकर दायर चुनौती के बाद दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देश पर चुनाव परिणाम सीलबंद लिफाफे में रख दिए गए थे।
इसके बाद दिल्ली उच्च न्यायालय ने एआईटीए को अपने संविधान और उपनियमों में राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम, 2025 तथा राष्ट्रीय खेल शासन (राष्ट्रीय खेल निकाय) नियम, 2026 के अनुरूप संशोधन करने का निर्देश दिया। इसके बाद ही नए सिरे से चुनाव कराने की बात कही गई।
अदालत ने 18 जून 2026 के अपने आदेश में कहा दिया था कि नए चुनाव 30 सितंबर 2026 तक या उससे पहले कराए जाएं। अदालत ने उच्च न्यायालय की पूर्व मुख्य न्यायाधीश गीता मित्तल को प्रशासक भी नियुक्त किया।
मौजूदा परिस्थितियों में हालांकि चुनाव नवंबर से पहले होने की संभावना कम बताई जा रही है।
एआईटीए ने हाल में अपने संविधान में संशोधन कर उसे राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम के अनुरूप कर लिया है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव के समय नयी खेल शासन व्यवस्था के अनुरूप नहीं होने के बावजूद संबद्ध राज्य संघों को मतदान का अधिकार रहेगा।
होरा इससे पहले 2020-24 कार्यकाल के लिए एआईटीए कार्यकारिणी समिति के सदस्य निर्वाचित हुए थे।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता