कोहली और अय्यर के अर्धशतक, भारत ने इंग्लैंड को दिया 234 रन का लक्ष्य

कोहली और अय्यर के अर्धशतक, भारत ने इंग्लैंड को दिया 234 रन का लक्ष्य

कोहली और अय्यर के अर्धशतक, भारत ने इंग्लैंड को दिया 234 रन का लक्ष्य
Modified Date: July 16, 2026 / 09:43 pm IST
Published Date: July 16, 2026 9:43 pm IST

कार्डिफ, 16 जुलाई (भाषा) भारतीय टीम विराट कोहली (65 रन) और उप कप्तान श्रेयस अय्यर (66 रन) की अर्धशतकीय पारियों के बावजूद बृहस्पतिवार को यहां दूसरे एक दिवसीय क्रिकेट मैच में इंग्लैंड के खिलाफ 44 ओवर में 233 रन पर सिमट गई।

कोहली की पारी ने उनके पुराने बेहतरीन दिनों की याद दिला दी, लेकिन रोहित शर्मा (26 रन) संघर्ष करते दिखे।

जोफ्रा आर्चर (10 ओवर में 47 रन देकर तीन विकेट) के घातक स्पेल से भारतीय टीम का मध्यक्रम बुरी तरह लड़खड़ा गया जिसमें 26 गेंद में 15 रन के अंदर चार विकेट गिर गए।

गस एटकिंसन ने 50 रन देकर तीन विकेट जबकि साकिब महमूद ने 52 रन देकर दो विकेट लिए।

कोहली की 66 गेंद की पारी में आठ चौके शामिल थे जिनमें आर्चर की गेंद पर लगाया गया ‘बैक-ड्राइव’ सबसे खूबसूरत था। रोहित ने 47 गेंद में नौ डॉट गेंद खेलीं और आसानी से आउट हो गए।

उप-कप्तान श्रेयस अय्यर भारत के लिए बल्लेबाजी के नायक साबित हुए जिन्होंने 71 गेंद में पांच चौके और दो छक्के लगाए। उन्होंने शॉर्ट गेंद का अच्छी तरह सामना किया, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें ज्यादा साथ नहीं मिला। उन्होंने आर्चर की गेंद पर छक्के के साथ अर्धशतक पूरा किया।

इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। भारतीय कप्तान शुभमन गिल (30 गेंद में 31 रन) ने छह चौके जड़े, वहीं रोहित दूसरे छोर पर गैप ढूंढने के लिए संघर्ष करते रहे।

पर एटकिंसन की गेंद को हवा में खेलकर गिल कैच आउट हो गए, लेकिन कोहली ने लय पकड़ने में ज्यादा समय नहीं लिया।

कोहली ने आर्चर की गेंद पर स्ट्रेट ड्राइव के बाद डीप मिड विकेट में चौका लगाया। जब आदिल रशीद गेंदबाजी करने आए तो कोहली ने ‘काउ कॉर्नर’ की ओर एक अनोखा ‘स्लॉग स्वीप’ भी खेला। रोहित ने एटकिंसन की गेंद पर छक्का लगाया लेकिन कोशिश के बावजूद लय हासिल नहीं कर सके और विल जैक्स की गेंद पर आउट हुए। हालांकि दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 61 गेंद में 60 रन जोड़े।

ईशान किशन (एक) की तकनीक से जुड़ी कमियां फिर उजागर हुई जिसमें ज्यादा उछाल वाली गेंदों को खेलने में उनकी अक्षमता भी दिखी। सैम करन की एक साधारण सी बाउंसर पर वह आउट हो गए।

कोहली और अय्यर ने चौथे विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी निभाई। लेकिन आर्चर की एक गेंद ने खेल का रूख बदल दिया जो कोहली के बल्ले के ऊपरी हिस्से से छूकर हवा में उछल गई और थर्ड मैन पर खड़े खिलाड़ी ने उनका कैच लपक लिया।

अय्यर शानदार फॉर्म में थे और ऐसा लग रहा था कि उन्होंने शॉर्ट गेंदों का सामना करने के लिए अपने खेल में सुधार किया है। लेकिन वॉशिंगटन सुंदर (2), अक्षर पटेल (1) और शिवम दुबे (0) जैसे बल्लेबाज बिल्कुल बेबस नजर आए और भारत का स्कोर सात विकेट पर 194 रन हो गया। इससे भारत की एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने की उम्मीद खत्म हो गई।

भाषा नमिता

नमिता


लेखक के बारे में