लॉर्ड्स में ऐतिहासिक जीत के बाद स्टार गेंदबाज क्रांति गौड़ को सम्मानित किया गया
लॉर्ड्स में ऐतिहासिक जीत के बाद स्टार गेंदबाज क्रांति गौड़ को सम्मानित किया गया
भोपाल, 16 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बृहस्पतिवार को भारतीय महिला क्रिकेट टीम की इंग्लैंड पर लॉर्ड्स में ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभाने वाली तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ को सम्मानित किया।
मध्यप्रदेश की रहने वाली क्रांति गौड़ ने टेस्ट मैच में कुल सात विकेट लेकर भारत की 270 रन की शानदार जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
सारंग ने यहां टीटी नगर स्टेडियम में क्रांति गौड़ से मुलाकात की और कहा कि उन्होंने मध्यप्रदेश का ही नहीं बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘क्रांति की यह उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।’’
इस अवसर पर क्रांति गौड़ ने कहा, ‘‘लॉर्ड्स में भारत की जीत का हिस्सा बनना मेरे और मेरे परिवार के जीवन का सबसे बड़ा क्षण है।’’
उन्होंने कहा कि लॉर्ड्स के प्रतिष्ठित ‘ऑनर्स बोर्ड’ पर अपना नाम अंकित देखकर उन्होंने तुरंत वीडियो कॉल के माध्यम से यह ऐतिहासिक पल अपने परिवार के साथ साझा किया।
क्रांति ने कहा, ‘‘हर क्रिकेटर का सपना होता है कि उसका नाम ‘ऑनर्स बोर्ड’ पर दर्ज हो। वहां अपना नाम दर्ज कराने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर होने पर मैं गौरवान्वित हूं। यह उपलब्धि केवल मेरी नहीं, बल्कि मेरे परिवार, मेरे प्रशिक्षकों, मध्यप्रदेश और पूरे देश की है।’’
सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को लगातार प्रोत्साहित कर रही है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक खेल अधोसंरचना, बेहतर प्रशिक्षण सुविधाओं और ग्रामीण क्षेत्रों तक खेल अवसरों के विस्तार के कारण गांवों के बच्चे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
भाषा दिमो/ब्रजेन्द्र पारुल नमिता
नमिता

Facebook


