कृष त्यागी कर्नाटक ओपन के प्री क्वार्टर फाइनल में

Ads

कृष त्यागी कर्नाटक ओपन के प्री क्वार्टर फाइनल में

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 08:18 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 08:18 PM IST

बेंगलुरु, 12 मई (भाषा) वाइल्ड कार्ड धारक कृष त्यागी ने घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाते हुए मंगलवार को यहां सीधे सेट में जीत के साथ कर्नाटक ओपन एटीपी चैलेंजर टेनिस टूर्नामेंट के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

सत्र का अपना पहला पेशेवर टूर्नामेंट खेल रहे त्यागी ने जापान के क्वालीफायर ताइयो यमानाका को 6-2, 7-5 से हराया।

मुकुंद शशिकुमार और मनीष सुरेशकुमार भी अगले दौर में प्रवेश करने में सफल रहे।

मुकुंद ने मलेशिया के मित्सुकी वेई कांग लियोंग को 6-3, 7-6 से हराया जबकि मनीष ने अमेरिका के क्वालीफायर रोनित कार्की को 6-4, 7-6 से शिकस्त दी।

कई भारतीय खिलाड़ियों को हालांकि शिकस्त भी झेलनी पड़ी।

दिग्विजय प्रताप सिंह को कड़ी चुनौती पेश करने के बावजूद चौथे वरीय फिलिप सेकुलिक के खिलाफ 6-7, 6-7 से शिकस्त झेलनी पड़ी।

छठे वरीय करण सिंह ने पहले सेट में 5-3 की बढ़त बनाने के बावजूद जापान के कोकोरो इसोमुरा के खिलाफ मुकाबला 6-7, 3-6 से गंवा दिया जबकि डी प्रज्जवल देव को ऑस्ट्रेलिया के जोशुआ चार्लटन ने 6-1, 6-4 से हराया।

क्वालीफायर आदित्य विशाल बालसेकर को इजराइल के अमित वेल्स ने 6-2, 6-2 से हराया।

ब्रिटिश क्वालीफायर एलेस्टेयर ग्रे ने तीसरे वरीय पेट्र बार बिरयुकोव को 6-7, 6-4, 7-6 से हराया जबकि शीर्ष वरीय कीगन स्मिथ ने जापान के क्वालीफायर रयोटारो तागुची के खिलाफ 6-1, 6-4 से आसान जीत दर्ज की।

भाषा सुधीर मोना

मोना