केएसएस मेमोरियल निशानेबाजी चैंपियनशिप : सौरभ और साक्षी ने स्वर्ण पदक जीते
केएसएस मेमोरियल निशानेबाजी चैंपियनशिप : सौरभ और साक्षी ने स्वर्ण पदक जीते
नयी दिल्ली/भोपाल, 14 मई (भाषा) रेलवे के सौरभ चौधरी और महाराष्ट्र की साक्षी सुनील पाडेकर ने बृहस्पतिवार को 24वीं कुमार सुरेंद्र सिंह मेमोरियल निशानेबाजी चैंपियनशिप में क्रमशः पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल और महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन्स स्पर्धा के खिताब अपने नाम किए।
यह प्रतियोगिता नयी दिल्ली की डा कर्णी सिंह शूटिंग रेंज और भोपाल में मध्य प्रदेश राज्य निशानेबाजी अकादमी में आयोजित की जा रही है।
पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल आईएसएसएफ स्पर्धा में सौरभ चौधरी ने फाइनल में 242.8 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक जीता।
उत्तर प्रदेश के गौरव ने 240.7 अंक के साथ रजत पदक जबकि दिल्ली के हार्दिक बंसल ने 219.3 अंक के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन्स स्पर्धा में महाराष्ट्र की साक्षी सुनील पाडेकर ने फाइनल में 357.7 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। पंजाब की अंजुम मोदगिल ने 357.2 अंक से रजत जबकि महाराष्ट्र की आकृति दहिया ने 346.3 अंक के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
जूनियर महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन्स स्पर्धा में उत्तर प्रदेश की मान्या मित्तल ने फाइनल में 354.8 अंक हासिल कर खिताब जीता। मध्य प्रदेश की प्रथा राठौड़ ने 351.9 अंक के साथ रजत पदक जबकि हरियाणा की हेजल ने 338.6 अंक के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
तमिलनाडु की मेल्विना एंजेलीन जे 327.4 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहीं।
जूनियर पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में राजस्थान के अभिषेक सैनी ने फाइनल में 241.1 अंक हासिल कर खिताब जीता।
राजस्थान के ही योगेश कुमार ने समान 241.1 अंक के साथ रजत पदक जीता जबकि कर्नाटक के जोनाथन गेविन एंटनी ने 219.3 अंक के साथ कांस्य पदक हासिल किया। उत्तर प्रदेश के साहिल 198.1 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहे।
युवा पुरुष वर्ग में राजस्थान के देवेंद्र फार्सवाल ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में जीत दर्ज की जबकि हरियाणा के प्रियांशु यादव ने रजत पदक हासिल किया।
दिल्ली के हार्दिक बंसल ने कांस्य पदक जीता और उत्तराखंड के शुभ चौथे स्थान पर रहे।
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर

Facebook


