नॉटिंघम, 25 जून (एपी) सलामी बल्लेबाज टॉम लैथम के अर्धशतक से न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन बृहस्पतिवार को यहां लंच तक बिना विकेट खोए 108 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की।
लैथम (नाबाद 60) ने टॉस जीतकर ट्रेंट ब्रिज की सपाट पिच पर बल्लेबाजी का फैसला किया और डेवोन कॉनवे (नाबाद 45) के साथ पहले विकेट के लिए अटूट साझेदारी करके न्यूजीलैंड को ठोस मंच प्रदान किया।
लैथम ने अब तक अपनी पारी में छह चौके मारे हैं।
अनुशासनात्मक कारणों से दूसरे टेस्ट से बाहर किए जाने के बाद नियमित कप्तान बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन की इंग्लैंड टीम में वापसी हुई है। स्टोक्स ने लंच से पहले पांच ओवर फेंके लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली।
इंग्लैंड के गेंदबाजों को लंच से पहले बामुश्किल ही विकेट चटकाने का कोई मौका मिला। मेजबान टीम ने ऑफ स्पिनर शोएब बशीर को 11वें ओवर में गेंदबाजी के लिए बुलाया और बीबीसी के अनुसार 1961 के बाद से ऐसा सिर्फ एक बार हुआ है जब इंग्लैंड के किसी स्पिनर ने घरेलू टेस्ट में इतनी जल्दी गेंदबाजी की हो।
नॉटिंघम में मौसम अहम भूमिका निभा सकता है जहां तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है जो असमान्य है।
पिछले हफ्ते ओवल में हुए दूसरे टेस्ट में 253 रन की जीत दर्ज करने वाले न्यूजीलैंड को मैच से पहले झटका लगा जब तेज गेंदबाज मैट हेनरी और मध्यक्रम के बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स चोटों के कारण मैच से बाहर हो गए। तेज गेंदबाज काइल जेमीसन को पीठ की हालिया समस्याओं के कारण आराम दिया जाना पहले से तय था।
लैथम और कॉनवे की बदौलत मेहमान टीम ने लय बनाए रखी। दोनों ने 26वें ओवर में शतकीय साझेदारी पूरी की।
एपी सुधीर आनन्द
आनन्द