दुबई, 28 सितंबर (भाषा) कुलदीप यादव की अगुआई में स्पिन तिकड़ी के शानदार प्रदर्शन की मदद से भारत ने एशिया कप फाइनल में रविवार को पाकिस्तान को 19 . 1 ओवर में 146 रन पर आउट कर दिया ।
हार्दिक पंड्या के बगैर उतरी भारतीय टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया लेकिन पाकिस्तान ने काफी आक्रामक शुरूआत की । सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान (38 गेंद में 57 रन) और फखर जमां (35 गेंद में 46 रन ) ने दसवें ओवर तक 84 रन की साझेदारी कर ली थी ।
आखिरी दस ओवर में हालांकि भारतीय स्पिनरों ने उन्हें पूरी तरह दबाव में ला दिया । कुलदीप ने चार ओवर में 30 रन देकर चार विकेट लिये जबकि अक्षर पटेल ने चार ओवर में 26 और वरूण चक्रवर्ती ने 30 रन देकर दो दो विकेट चटकाये ।
एक समय पर पाकिस्तान का स्कोर एक विकेट पर 113 रन था जब फखर और सईम अयूब क्रीज पर थे । इसके बाद पाकिस्तानी पारी ताश के पत्तों की तरह ढह गई । भारत ने आखिरी नौ विकेट 33 रन के भीतर चटका दिये ।
जसप्रीत बुमराह ने 3 . 1 ओवर में 25 रन देकर दो विकेट लिये । बुमराह ने बीसवें ओवर की पहली गेंद पर हारिस रऊफ को बोल्ड करने के बाद विमान गिरने के जैसा इशारा करते हुए उन्हें विदाई दी । पिछले मैच में रऊफ ने भारतीय प्रशंसकों की ओर भड़काऊ इशारे किये थे ।
भारतीय स्पिनरों ने आखिरी दस ओवरों में मैच की तस्वीर पलट दी । सभी ने धीमी गेंदबाजी करते हुए बाहर की तरफ गेंदें डाली ।
पाकिस्तान ने शुरूआत बहुत अच्छी की थी और दोनों सलामी बल्लेबाजों ने ढीली गेंदों को नसीहतें दी । भारत को पावरप्ले में हार्दिक की कमी खली ।
फरहान ने पिछले दो मैचों की ही तरह बुमराह को बखूबी खेला । शिवम दुबे को भी पहले दो ओवरों में चौके लगे । पाकिस्तान ने पावरप्ले का पूरा इस्तेमाल करके 45 रन बनाये और एक भी विकेट नहीं गंवाई ।
फरहान ने वरूण , कुलदीप और अक्षर को एक एक छक्का जड़ा जबकि फखर ने कुलदीप को स्लॉग स्वीप पर छक्का लगाया । फखर ने 50 रन 35 गेंद में पूरे किये लेकिन जश्न नहीं मनाया ।
ब्रेक के बाद वरूण ने फरहान को डीप मिड विकेट पर तिलक वर्मा के हाथों लपकवाया । सईम और फखर स्कोर को 113 रन तक ले गए जिसके बाद कोई बल्लेबाज योगदान नहीं दे सका ।
भाषा मोना नमिता
नमिता