खोई लय हासिल कर ली है, टेस्ट में भविष्य को लेकर ज्यादा उम्मीद नहीं : राशिद
खोई लय हासिल कर ली है, टेस्ट में भविष्य को लेकर ज्यादा उम्मीद नहीं : राशिद
नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा ) राशिद खान का मानना है कि उन्होंने आखिरकार अपनी खोई लय हासिल कर ली है जिसके लिये वह 2023 में कमर के आपरेशन के बाद से जूझ रहे थे ।
टी20 क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में शुमार राशिद पिछले आईपीएल सत्र में गुजरात टाइटंस के लिये 15 मैचों में नौ ही विकेट ले सके थे । इससे पहले 2024 में भी उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा था ।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बुधवार को चार ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट लेने वाले राशिद ने नीतिश राणा, समीर रिजवी और अक्षर पटेल को पवेलियन भेजा । गुजरात ने यह रोमांचक मुकाबला एक रन से जीता ।
मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में राशिद ने कहा ,‘‘ याद मत दिलाओ यार, बहुत बुरा सीजन था (2025) । लेकिन एक सत्र खराब होने के यह मायने नहीं है कि आप खत्म हो गए । यह लाइन और लैंग्थ के बारे में है ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ पिछले साल इसकी कमी खली । इस बार मैं इसी पर फोकस कर रहा था । पिछले आईपीएल के बाद मैने अपनी फिटनेस पर काम किया था । सर्जरी के बाद कमर में तकलीफ थी लेकिन फिर ब्रिटेन में द हंड्रेड में मेरा प्रदर्शन अच्छा रहा ।’’
राशिद ने डॉक्टरों की सलाह अनसुनी करके 2023 वनडे विश्व कप खेला । उसके बाद उन्हें चलने में भी दिक्कत हो रही थी जिसकी वजह से आपरेशन कराना पड़ा ।
उन्होंने कहा ,‘‘ सर्जरी के बाद जब मैने वापसी की तो कमर को लेकर काफी एहतियात बरत रहा था । इससे मेरे गेंदबाजी एक्शन और रिलीज पर फर्क पड़ा । मेरी लय चली गई । मैने तीन चार महीने धीमी गेंदबाजी की कोशिश की क्योंकि कमर में दर्द था । ’’
अब पूरी तरह से फिट होने के बावजूद राशिद ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट खेलना मुश्किल होगा ।
उन्होंने कहा ,‘‘ इस समय लाल गेंद का क्रिकेट खेलना मुश्किल लग रहा है । एक साल में एक टेस्ट ठीक है लेकिन ज्यादा नहीं खेल सकूंगा ।’’
भाषा
मोना
मोना

Facebook


